म्यांमार, प्रदर्शनकारियों को रौंदते हुए गुज़र गया सैन्य ट्रक, तीन की मौत

म्यांमार, प्रदर्शनकारियों को रौंदते हुए गुज़र गया सैन्य ट्रक, तीन की मौत म्यांमार में तख्तापलट के बाद से ही सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है।
म्यांमार में सैन्य शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सेना ने वाहन चढ़ा दिया जिसमें कम से कम 3 लोगों की मौत होने की आशंका है। म्यांमार के सबसे बड़े शहर में सैन्य सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शनकारियों पर सेना ने ट्रक चढ़ा दिया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सेना की इस कार्यवाही में कम से कम 3 लोगों के मारे जाने की खबर है।

प्रत्यक्षदर्शियों एवं प्रदर्शन का आयोजन करने वाले लोगों के अनुसार रविवार को यांगून शहर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किए गए थे। यांगून में हो रहे कम से कम तीन प्रदर्शनों में से यह एक प्रदर्शन था। म्यांमार की पूर्व नेता आंग सान सू ची के खिलाफ जारी लगभग एक दर्जन अपराधिक मामलों में से एक मामले में कल फैसला आना था। आंग सान सू ची के मामले में फैसला आने से 1 दिन पहले देश के कई हिस्सों में रैलियां आयोजित की गई थी।

याद रहे कि म्यांमार सेना ने तख्तापलट करते हुए 1 फरवरी को आंग सान सू ची को अपदस्थ कर दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सेना का एक तेज रफ्तार ट्रक रैली में भाग ले रहे लोगों की ओर तेजी से बढ़ता है। वीडियो में आसानी से देखा जा सकता है कि लोग चिल्ला रहे हैं। कार आ रही है कार आ रही है, कृपया मदद करें, इसने बच्चों को मारा है। ओह मौत भागो ! भागो ! वीडियो में करीब एक दर्जन लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लोग केवल 2 मिनट के लिए सड़क पर उतरे थे कि तभी सैन्य ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सड़क पर तीन लोग बेसुध पड़े हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी ने गिरफ्तारी के डर से नाम ना छापने पर जोर देते हुए कहा लगभग 5 सशस्त्र सैनिक वाहन से बाहर निकले और प्रदर्शनकारियों का पीछा किया। उन्होंने गोलियां चलाई और कार की चपेट में आए युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। कम से कम 10 लोगों को बंदी बनाया गया है। वहीँ म्यांमार के सरकारी टेलीविजन ने खबर दी है कि तीन घायल लोगों सहित 11 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles