धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई चेन्नई की कप्तानी

धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई चेन्नई की कप्तानी

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के लिए महेंद्र सिंह धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। कल होने वाले आईपीएल के शुरुआती मैच से पहले सीएसके ने ऋतुराज को टीम की कप्तानी सौंपी है। बता दें कि ऋतुराज की कप्तानी में भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।

इससे पहले धोनी ने 2022 में भी सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी और रवींद्र जड़ेजा को कप्तान बनाया गया था। हालाँकि, उस समय टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं था और धोनी को सीज़न के बीच में टीम के कप्तान के रूप में बहाल किया गया था। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 5 बार 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता है। सीएसके मौजूदा चैंपियन है और इस सीजन में ऋतुराज के नए कप्तान होने से टीम के लिए खिताब बरकरार रखना एक चुनौती होगी।

महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर अपने अंदाज से फैंस को चौंका दिया है जैसा कि वह पहले भी कई बार कर चुके हैं। 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से लेकर आज तक उन्होंने सभी फैसले इसी तरीके से लिए हैं। धोनी ने इसी अंदाज में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी छोड़ी है, जिससे उनके फैंस हैरान हैं।

आईपीएल के आगामी सीजन के लिए हुए कप्तानों के फोटोशूट में धोनी नहीं पहुंचे थे। उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को देखा गया था, तब से ही सीएसके की कप्तानी में बदलाव के कयास लगाए जा रहे थे। गुरुवार को आईपीएल ने अपने आधिकारिक पोस्ट में इस बात की पुष्टि कर दी कि चेन्नई सुपर किंग्स का नेतृत्व धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने आईपीएल करियर का आखिरी सीजन खेलते नजर आ सकते हैं। कप्तानी में अचानक हुए बदलाव के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इस सीजन के बाद आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। 42 वर्षीय खिलाड़ी ने 212 मैचों में चेन्नई की कप्तानी संभाली है। उनके अलावा सुरेश रैना ने पांच मैचों में और रवींद्र जडेजा ने आठ मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles