केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया 

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर विपक्ष मोदी सरकार पर टूट पड़ा है। विपक्षी नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया और इसे तानाशाही फ़ैसला क़रार दिया। केजरीवाल की गिरफ़्तारी के साथ ही, कांग्रेस के खाते बंद करने, हाल ही में झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ़्तारी और विपक्षी नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को लेकर भी विपक्षी नेताओं ने मोदी सरकार को निशाना बनाया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्जा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्री करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने ट्वीट किया, ‘अरविंद केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार किया, लोकतंत्र की जननी ने दिखाया है कि ED उनका सबसे आज्ञाकारी ‘बेटा’ है! केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद कई विपक्षी दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता है। सच यह है कि भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गयी है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है।’

सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा है, ‘भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आने वाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।’

कांग्रेस के तेज़ तर्रार प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘उन्होंने हमारे खाते फ्रीज कर दिए। वे हेमंत सोरेन को गिरफ़्तार करते हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। इन सब से तो यही पता चलता है कि बादशाह कितने डरे हुए हैं। भारत अभी भी अस्थिर नहीं होगा।’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि यह दिखाता है कि भाजपा सत्ता के लिए कितने नीचे तक गिर गई है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से पता चलता है कि भाजपा सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है।

अरविंद केजरीवाल के खिलाफ इस असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ ‘इंडिया’गठबंधन एकजुट है।’ पार्टी प्रवक्ता क्लाइड क्राइस्टो ने कहा, ‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ईडी का छापा भाजपा द्वारा एक व्यवस्थित और योजनाबद्ध कदम है। यह स्पष्ट और ज्ञात है कि विपक्ष और भारत के सभी लोग जो भाजपा के खिलाफ बोलते हैं, उन्हें केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करके निशाना बनाया जाता है।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles