इस बार जनता की सरकार बनेगी: प्रियंका गांधी

इस बार जनता की सरकार बनेगी: प्रियंका गांधी

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज अलवर शहर में रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक से हुई जो मन्नी का बड़, चर्च रोड, होप सर्कस, कलाकंद मार्केट, घंटाघर, काशीराम चौराहा और रोड नंबर 2 से होते हुए भगत सिंह सर्किल पर पहुंचकर संपन्न हुई। रोड शो के दौरान इस पूरे मार्ग पर वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था की गई थी।

रोड शो में प्रियंका गांधी एक खुली छत वाले वाहन में सवार थीं। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव भी रहे।

रोड शो के दौरान प्रियंका एवं अन्य नेताओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। अनेक जगह लोगों की ओर से मालाएं भेजी गईं। वहीं कई लोगों ने कागज पर लिख कर अपनी बातें कांग्रेस नेताओं तक पहुंचाईं।

मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा नेताओं ने अलवर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के लिए कमजोर मानी जाने वाली विधानसभा सीटों पर फोकस तेज कर दिया है। चौपाल के जरिए भी वोटरों को साधा जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की हरसौली में आयोजित सभा के बाद पूरे जिले के कार्यकर्ताओं में जोश है। चुनाव प्रचार का शोर थमने से पहले ही घर-घर दस्तक देने की रणनीति तैयार कर ली गई है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमें बना दी गई हैं।

अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने इस बार युवा विधायक ललित यादव को मैदान में उतारा है। उनके सामने भाजपा के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव हैं। इस सीट पर मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। राजस्थान में प्रचार की जिम्मेदारी प्रियंका गाँधी ने संभाली हुई है। कल उन्होंने जालोर सिरोही से लोकसभा प्रत्याशी वैभव गहलोटत के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया था।

रोड शो के बाद प्रियंका ने इसके फोटो शेयर करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज राजस्थान के अलवर की जनता जिस तरह से सैलाब बनकर सड़क पर उमड़ी, वह आने वाले परिवर्तन का संकेत है। राजस्थान ने कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताकर ‘इंडिया’ की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने लिखा ,‘‘इस बार युवाओं, महिलाओं, किसानों, दलितों, आदिवासियों की सरकार बनेगी। इस बार जनता की सरकार बनेगी।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles