भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। परिधि गृह बिलासपुर में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में नड्डा ने इस संबंध में पूछे सवाल पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। नड्डा के कांगड़ा या मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस बात से इन्कार किया है कि वह लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे है। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ रहा, मुझ पर इससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में चुनाव लड़वा रहा हूं, यह क्या कम है? मैं कार्यकर्ता पहले हूं, पार्टी अध्यक्ष बाद में। पार्टी की चुनाव समिति निर्णय मेरे लिए सर्वोपरि है।

नड्डा ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि चुनाव आते रहेंगे, जाते रहेंगे, हम जीतते भी रहेंगे लेकिन मानवता की सेवा का जो यश हमारे कार्यकर्ताओं के हिस्से आया, वह मेरे लिए सबसे बड़ा कार्य था। यही मेरी उपलब्धि है। तीन राज्यों में भाजपा की जीत की वजह थे- सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का हमारा ट्रैक रिकॉर्ड, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यशस्वी नेतृत्व, जनता का समर्थन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा। इस सबके ऊपर-मोदी की गारंटी ने कांग्रेस के सारे अरमानों पर पानी फेर दिया।

उन्होंने कहा, हमारे लिए मुद्दा विकास है। हमने विगत साढ़े नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के लिए क्या-क्या उपलब्धियां अर्जित की हैं, उस मुद्दे पर हम चुनाव में जा रहे हैं। हमारे लिए मुद्दा ये है कि देश के जन-जन को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं? इसलिए आपने देखा होगा, विपक्ष जहां तुष्टिकरण की राजनीति कर रहा है, झूठे वादे का पिटारा खोल रहा है, वोट पाने के लिए यात्राएं निकाल रहा है।

वहीं आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है। मोदी गारंटी – ये हमारी सबसे बड़ी लाइन है जिसमें जन-जन को विश्वास है जिसका नजारा आपने हालिया विधान सभा चुनाव में देखा है।

एंटी-इंकंबेंसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि,जो सरकार जनता के लिए नहीं, केवल एक परिवार के लिए काम करती है, जो सरकार जनता को पराया समझती है और केवल अपने-अपनों के लिए काम करती है, वहां एंटी-इंकंबेंसी होती है। भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हर नागरिक को अपना समझती है, इसलिए सबके लिए काम करती है। और, जब आप जनता के लिए काम करते हैं तो वहां एंटी- इंकंबेंसी हो ही नहीं सकती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles