प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में पुष्कर धामी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में पुष्कर धामी ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के रूप में पुष्कर सिंह धामी की ताजपोशी की है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में देहरादून के परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

46 वर्षीय पुष्कर सिंह धामी ने दूसरी बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ ही स्वंय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी उनके शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी भी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य आकर्षण का केंद्र है।

धामी के कैबिनेट में अभी 8 मंत्रियों को जगह दी गई है। सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, रेखा आर्य, गणेश जोशी और सुबोध उनियाल दूसरी बार मंत्री पद संभाल रहे हैं। वहीं चंदन राम दास, प्रेमचंद्र अग्रवाल और सौरभ बहुगुणा को पहली बार मंत्री पद मिला है।

बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीट जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। भाजपा दो तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर लगातार दूसरी बार राज्य की सत्ता संभाल रही है। उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी-धामी सरकार, नारे के साथ विधानसभा चुनाव में उतरने वाली भाजपा के अगुआ पुष्कर सिंह धामी अपनी परंपरागत सीट खटीमा से चुनाव हार गए थे, जिसके बाद उत्तराखंड की कमान संभालने के लिए कौन उपयुक्त होगा इस बात पर भाजपा में 11 दिन तक मंथन चला। आखिर में धामी को ही सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles