उत्तर प्रदेश चुनाव में जिन्ना के बाद पाकिस्तान की एंट्री, अखिलेश ने दिया भाजपा को मुद्दा

उत्तर प्रदेश चुनाव में जिन्ना के बाद पाकिस्तान की एंट्री, अखिलेश ने दिया भाजपा को मुद्दा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर बैठे बिठाए भाजपा को मुद्दा दे दिया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब जिन्ना की बाद पाकिस्तान कि भी एंट्री हो चुकी है।

इससे पहले पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना को लेकर दिए गए अखिलेश यादव के बयान पर यूपी की सियासत में जमकर बयानबाजी हुई थी। जब भाजपा ने गन्ना बनाम जिन्ना के नारे दिए थे।

एक बार फिर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की ओर से दिए गए बयान के बाद विवाद शुरू हो गया है। मुद्दा विहीन हो चुकी भाजपा को बैठे बिठाए अखिलेश यादव ने एक नया मुद्दा दे दिया है। अखिलेश ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि पाकिस्तान भारत का असली दुश्मन नहीं है।

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद भाजपा को बयानबाजी के लिए एक नया हथियार मिल गया है। भाजपा ने इस अवसर को फौरन ही लपकते हुए सपा पर जोरदार हमला बोला है और अखिलेश यादव से माफी की मांग की है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अखिलेश यादव के इस बयान के बाद भाजपा इसे वह मोड़ दे सकती है जिसमें उसे महारत हासिल है।

सपा प्रमुख अखिलेश के इस बयान को बहुत से राजनीतिक पंडित हिट विकेट वाला शॉट बता रहे हैं। अखिलेश यादव ने इकनॉमिक्स टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कुछ ऐसी बातें कहीं हैं जिन्हें भाजपा मुद्दा बनाने पर तुली हुई है। सपा अध्यक्ष से भारत में चीनी निवेश पर उनका विचार जाना गया था जिस पर उन्होंने कहा डॉ राम मनोहर लोहिया और नेताजी ( मुलायम सिंह यादव ) का इस पर विचार स्पष्ट है।

हमारा असली दुश्मन चीन है। पाकिस्तान हमारा राजनीतिक दुश्मन है लेकिन भाजपा वोट बैंक की राजनीति के कारण पाकिस्तान को निशाना बनाती रही है। वह केवल समाजवादी पार्टी ही थी जिसने लोकसभा में सवाल उठाया था कि विधानसभा में पीओके की 24 सीटों पर सदस्य कब होंगे तब गृहमंत्री ने कहा था कि हम अक्साई चीन तक पहुंचेंगे लेकिन अब हम देख और सुन रहे हैं कि गलवान में क्या कुछ हो रहा है।

वह हमारी जमीन पर अधिकार कर रहे हैं, हमारे कारोबार पर कब्जा जमा रहे हैं, सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए और समस्त विपक्ष से इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए। हम चीन के साथ कारोबार करने के लिए मजबूर हैं। यह बेहद कठिन स्थिति है कि हम अपने दुश्मन के साथ कारोबार करने के लिए मजबूर हैं। हमें अपनी इंडस्ट्री को मजबूत बनाना होगा। कारोबार के साथ फौज भी चलती है।

अखिलेश यादव के इस बयान के फौरन बाद ही भाजपा ने इसे मुद्दा बनाने में बिल्कुल भी देर नहीं की। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि एक ओर जहां पूरा देश उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मना रहा है वहीं अखिलेश कह रहे हैं कि पाकिस्तान भारत का असली दुश्मन नहीं है। यह बेहद दुखद, चिंताजनक और शर्मनाक है। अखिलेश को माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश जी क्या कश्मीर के बंधु हमारे भाई नहीं हैं जिन पर रोज पाकिस्तान गोली चला रहा है। पाकिस्तान की ओर से भेजे गए आतंकवादियों के माध्यम से रोज बेगुनाह लोग मारे जा रहे हैं। पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकी साज़िशें करता है क्या वह भारत का दुश्मन नहीं है। आपका कहना है कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन नहीं है यह भाजपा है जो पाकिस्तान को दुश्मन बना रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा प्रमुख ने बैठे-बिठाए भाजपा को मुद्दा दे दिया है जिसकी बदौलत वह चुनाव का रुख मोड़ सकती है। अभी तक केंद्र सरकार और मोदी के खिलाफ बोलने से बचने वाले अखिलेश यादव ने भाजपा को वह मुद्दा दे दिया जिसके सहारे वह उत्तर प्रदेश चुनाव को स्थानीय मुद्दों से भटका कर राष्ट्रीय मुद्दों की ओर ले जाएगी और इस में भाजपा का फायदा होगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles