बिहार महागठबंधन में शामिल हुए मुकेश सहनी, तीन लोकसभा सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

बिहार महागठबंधन में शामिल हुए मुकेश सहनी, तीन लोकसभा सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बिहार में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी शुक्रवार को विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल हो गए। सहनी का महागठबंधन में स्वागत करते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ऐलान किया वीआईपी महागठबंधन में शामिल आरजेडी कोटे की तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बीते कुछ महीनों से चल रही अनिश्चितता के बीच अंततः राष्ट्रीय जनता दल ने निषाद आरक्षण का मुद्दा उठाने वाली विकासशील इंसान पार्टी को तीन सीटें देने का फैसला कर लिया। वीआईपी को गोपालगंज, मोतिहारी और झंझारपुर सीटें दी गई हैं। शुक्रवार को राजद कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सहनी को दी जाने वाली सीटों का एलान किया।

बता दें कि मुकेश सहनी लोकसभा चुनाव की गतिविधियां शुरू होने के पूर्व से लगातार राजनीतिक दलों के साथ संपर्क बना कर चल रहे थे। एनडीए गठबंधन में बात नहीं बनी तो महागठबंधन के साथ उन्होंने बात शुरू की। लेकिन सीटों को लेकर बात नहीं बन रही थी। लेकिन अंततः आज सहनी की मांग पूरी हुई और उनकी पार्टी तीन सीट पर बिहार में लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन में पहले ही सीट का बंटवारा हो चुका था। इसके बावजूद आरजेडी वीआईपी को सम्मान देने का काम करेगी। महागठबंधन में आरजेडी को मिले 26 सीटों में से 3 सीट गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी से वीआईपी अपना उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए सभी घटक दल के नेता काम करेंगे।

इस मौके पर तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग ‘400 पार’ का नारा लगा रहे हैं, उन्हें बिहार की धरती सबक सिखाएगी। मैंने पहले भी कहा है कि बिहार चौंकाने वाला परिणाम देगा। वीआईपी के महागठबंधन में शामिल होने के ऐलान के मौके पर आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी, मुकेश सहनी के कई समर्थक मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles