मराठा समाज के साथ धोखा हुआ है, 24 फरवरी से रास्ता रोको आंदोलन: मनोज जारांगे

मराठा समाज के साथ धोखा हुआ है, 24 फरवरी से रास्ता रोको आंदोलन: मनोज जारांगे

मराठा आरक्षण बिल विधानसभा में पास हो गया, लेकिन इससे मराठा सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जारांगे काफी नाराज हैं। उन्होंने इसे मराठा समुदाय के साथ विश्वासघात बताया। जालना जिले के अपने पैतृक गांव अंतरावली सराटी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपने आंदोलन को और अधिक तीव्रता से जारी रखने की घोषणा की और चेतावनी दी कि 24 फरवरी को पूरे राज्य में चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब ऐसा विरोध होगा कि सरकार याद रखेगी। अब रास्ता रोको आंदोलन पूरे प्रदेश में किया जाएगा।

मराठा आरक्षण विधेयक के पारित होने पर मनोज जारांगे पाटिल ने इसे सरकार द्वारा मराठों को मूर्ख बनाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसा करके हमारे साथ धोखा किया है क्योंकि हमारी मांग यह नहीं थी कि मराठों को अलग से आरक्षण दिया जाए बल्कि हम चाहते थे कि कनबी जाति के आधार पर ओबीसी में शामिल किया जाए। मनोज जारांगे ने कहा कि सरकार ने हमें धोखा दिया है और अब हम अपना आंदोलन तेज करेंगे। हमें परवाह नहीं है कि महाराष्ट्र सरकार 10% कोटा दे या 20%, हम ओबीसी श्रेणी में आरक्षण चाहते हैं और इसे लेकर रहेंगे।

अपने आरक्षण आंदोलन को और तेज करने के लिए मनोज जारांगे ने मराठा समुदाय के प्रमुख लोगों की एक बैठक भी बुलाई है। उन्होंने इस संबंध में कहा कि हम वो आरक्षण चाहते हैं जिसके हम हकदार हैं और हमने इस पर विचार करने के लिए बैठक बुलाई है। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि अब आंदोलन तेज किया जाएगा, सड़क रोको आंदोलन किया जाएगा और पूरे महाराष्ट्र में मराठों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles