राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने होली की बधाई दी
देश भर में आज होली के त्योहार की धूम मची हुई है। लोग इस मौके को खुशी और सौहार्द के साथ मना रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में लिखा कि रंगों के त्योहार होली के इस पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है और भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को दिए अपने संदेश में कहा कि मैं आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह खुशियों और उमंगों से भरा हुआ त्योहार सभी के जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा लाएगा और देशवासियों में एकता के रंग भी और गहरे होंगे।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, “होली, विविधता का महोत्सव है। ये भय, द्वेष, ईर्ष्या, नफ़रत और भेदभाव को मिटाने का त्योहार है। होली हमें रंगो की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। सभी देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई।”
उन्होंने आगे कहा, “आइये हम अपने बहु-सांस्कृतिक समाज को जीवंत रंगों, एकजुटता व भाईचारे की भावना से भर दें और सौहार्द व सद्भाव का एक बार फिर प्रण लें।”
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!”