नॉर्थ ईस्ट दिल्ली लोकसभा सीट से कन्हैया कुमार हो सकते हैं कांग्रेस उम्मीदवार
कांग्रेस आज दिल्ली के तीन उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक,कन्हैया कुमार को नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट पर मनोज तिवारी के सामने उतारा जा सकता है। अगर कन्हैया कुमार का टिकट फाइनल हो जाता है तो दूसरी बार वो लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वे बिहार के बेगूसराय से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, तब उन्होंने लेफ्ट के टिकट पर चुनाव लड़ा था और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह से हार गए थे।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कन्हैया कुमार को दिल्ली की उत्तर पूर्वी सीट से उम्मीदवार बना सकती है। सूत्रों ने बताया कि उनके नाम पर अंतिम मुहर आज होने वाली कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में लग सकती है। उत्तर पूर्वी सीट से अगर कन्हैया को टिकट मिलता है तो उनका मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार मनोज तिवारी से होगा। मनोज तिवारी 2014 और 2019 के चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज कर चुके
हैं।
इस लोकसभा सीट पर काफी संख्या में बिहार और उत्तर प्रदेश के मूल निवासी रहते हैं। ऐसे में कन्हैया कुमार को अगर कांग्रेस टिकट देती है तो वह मजबूत उम्मीदवार साबित हो सकते हैं। कांग्रेस पार्टी शनिवार को जयपुर में बड़ी चुनावी सभा करने जा रही है। यह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की पहली बड़ी रैली होगी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी शामिल होंगे।
दूसरी तरफ पीएम मोदी यूपी और राजस्थान में शनिवार को चुनावी रैली करेंगे। पीएम मोदी की पहली रैली यूपी के सहारनपुर में होगी। इसके बाद वह राजस्थान के पुष्कर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। वहीं, शाम में पीएम मोदी यूपी के गाजियाबाद में एक रोड शो में हिस्सा लेंगे।