भारत को कांग्रेस-मुक्त करने के लिए सिर्फ मिस्ड कॉल दीजिए: सरमा

भारत को कांग्रेस-मुक्त करने के लिए सिर्फ मिस्ड कॉल दीजिए: सरमा

इस समय देश में भाजपा बनाम नई भाजपा को लेकर बहस छिड़ी हुई है। इन सब के बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी में कोई भी बस मिस्ड कॉल देकर शामिल हो सकता है।

सरमा ने दावा किया कि वह खुद, उनके पूर्ववर्ती सर्बानंद सोनोवाल, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई तथाकथित नई भाजपा के लोग हैं।

बिस्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुराना और नया जैसा कुछ भी नहीं है। पार्टी में कोई भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को कांग्रेस-मुक्त करना चाहते हो तो सिर्फ मिस्ड कॉल दीजिए। उ

न्होंने मंगलवार को असम में भाजपा के कुछ पुराने नेताओं और हाल के दिनों में पार्टी में शामिल हुए लोगों के बीच खींचतान के बीच यह टिप्पणी की। उन्होंने आगे कहा कि अगर भाजपा पुरानी या नई भाजपा की तर्ज पर विश्वास करती तो बीरेन सिंह, पेमा खांडू या बसवराज बोम्मई मुख्यमंत्री नहीं बन पाते, या सुवेंदु अधिकारी विपक्ष के नेता नहीं बन पाते।

सिंह और खांडू दोनों कांग्रेस में थे, अधिकारी तृणमूल कांग्रेस में थे, जबकि बोम्मई अपनी निष्ठा बदलने से पहले जनता दल में थे। सरमा ने कहा कि भगवा पार्टी ने असम में दो मुख्यमंत्री बनाए और वे दोनों नई भाजपा का हिस्सा थे। भाजपा बहुत बड़ी दिल वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

पत्रकारों से सरमा ने कहा कि भाजपा में नई या पुरानी नाम की कोई चीज नहीं है। अगर पार्टी ने उस तरह से सोचा होता, तो क्या आपको लगता है कि सोनोवाल या हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बन सकते थे? बता दें, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से पहले सरमा कांग्रेस का हिस्सा थे, जबकि सोनोवाल असम गण परिषद (एजीपी) के साथ थे।

सरमा ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि भाजपा में नए लोग पार्टी के साथ वैसे ही घुलमिल गए हैं जैसे चीनी चाय के साथ घुलमिल जाती है। इसी बयान को दूसरी तरह पेश किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुरानी और नई भाजपा यह कांग्रेस का रचाया खेल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles