ईरान ने भारत समेत 33 देशों के लिए वीजा फ्री किया, पाकिस्तान का नाम नहीं

ईरान ने भारत समेत 33 देशों के लिए वीजा फ्री किया, पाकिस्तान का नाम नहीं

ईरान की सरकार ने भारत समेत 33 देशों के लोगों को फ्री वीजा का तोहफा दिया है। ईरान ने अपने देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है। ईरान एक शिया देश है जहां भारत से बड़े पैमाने पर शिया मुस्लिम तीर्थ यात्रा पर जाते हैं। इसके अलावा भी बड़ी संख्‍या में भारतीय ईरान की यात्रा पर जाते हैं। ईरान के इस कदम से भारतीय यात्रियों को बहुत राहत होगी। ईरान के संस्कृति मंत्री, पर्यटन और हस्तशिल्प मंत्री एजातुल्ला जारगामी ने यह जानकारी दी।

ईरान ने जिन देशों के लोगों को वीजा फ्री किया है, उसमें रूस भी शामिल है जिसके साथ उसकी दोस्‍ती इन दिनों अपने चरम पर चल रही है। ईरान के संस्‍कृति मंत्री इज्‍जातुल्‍ला जारघामी ने कहा कि बुधवार को एक सरकारी बैठक के दौरान वीजा की जरूरत को रद करने पर सहमति बनी है। ईरान के इस कदम से रूस के नागरिकों को बहुत फायदा होगा जो अभी विदेश जाने में बहुत मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। अमेरिका ने यूक्रेन युद्ध की वजह से रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए हैं।

एजातुल्ला जारगामी ने कहा कि पर्यटन बढ़ाने का साथ ही ईरान को लेकर जो माहौल बनाया जाता है, उसे भी खत्म करना इस फैसले का उद्देश्य है। बता दें कि जिन 33 देशों के नागरिकों के लिए वीजा बाध्यताएं खत्म की गई हैं, उनमें भारत, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, सऊदी अरब, कतर, कुवैत, लेबनान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ट्यूनिशिया, तंजानिया, जिम्बाब्वे, मॉरीशस, सेशेल्स, इंडोनेशिया, ब्रूनेई दारुसलाम, जापान, सिंगापुर, कंबोडिया, मलेशिया, वियतनाम, ब्राजील, पेरु, क्यूबा, मैक्सिको, वेनेजुएला, बोस्निया और हर्जेगोविना, सर्बिया, क्रोएशिया और बेलारूस का नाम शामिल है।

बता दें कि ईरान ने जिन देशों को नागरिकों को सुविधा दी है, उनमें पाकिस्तान का नाम शामिल नहीं है। ईरान तुर्किए, अजरबैजान, ओमान, चीन, अर्मेनिया, लेबनान और सीरिया के लोगों को पहले ही वीजा बाध्यताएं खत्म करने की सुविधा दे चुका है। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान में इस साल पर्यटकों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले 48 फीसदी का उछाल आया है और यह 44 लाख के आंकड़े तक पहुंच गई है।

ईरान ने सऊदी अरब के लोगों के लिए भी वीजा की जरूरत को खत्‍म कर दिया है। ईरानी पर्यटन मंत्रालय का मानना है कि यह ओपेन डोर नीति दुनिया के विभ‍िन्‍न देशों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ईरान ने कहा कि अब दुनिया के कुल 45 ऐसे देश हो गए हैं जहां के नागरिकों को ईरान में बिना वीजा के एंट्री मिलेगी। ईरान का यह फैसला सऊदी अरब के साथ उसके रिश्‍तों में आई गर्माहट को भी दर्शाता है। इसके अलावा यूएई, कतर, बहरीन के नागरिकों को भी यह वीजा छूट दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles