इंडिया गठबंधन, केजरीवाल की गरिफ़्तारी के विरोध में 31 मार्च को ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली करेगा

इंडिया गठबंधन, केजरीवाल की गरिफ़्तारी के विरोध में 31 मार्च को ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली करेगा

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता गोपाल राय ने रविवार को कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ “देश के हितों और लोकतंत्र की रक्षा” के लिए 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करेगा। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले के संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (55) को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया था जिसके बाद उक्त घोषणा की गई है।

आप नेता गोपाल राय कांग्रेस पार्टी के अरविंदर सिंह लवली के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने यह भी बताया कि वे सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 31 मार्च को रामलीला मैदान में एक मेगा रैली आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।

इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (‘इंडिया’) के घटक ‘आप’ और कांग्रेस ने यहां एक प्रेस वार्ता में रैली का ऐलान किया। आप की दिल्ली ईकाई के संयोजक राय ने कहा, “देश में जो हो रहा है उसके खिलाफ हम 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली करेंगे। इस रैली में ‘इंडिया’ गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व शामिल होगा।”

बता दें कि, ईडी द्वारा गुरुवार को केजरीवाल की गिरफ्तारी ने विपक्षी दलों को एकजुट होने के लिए प्रेरित किया है। यहां तक कि आप नेता के कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे दिल्ली कांग्रेस के नेता अब उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित से लेकर अरविंदर सिंह लवली तक ने केजरीवाल की गिरफ़्तारी को लोकतंत्र पर क़रारा हमला करार दिया है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को समान अवसर नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी के खातों को ‘फ्रीज’ (लेनदेन पर रोक) किए जाने और मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “31 मार्च की महारैली न सिर्फ एक राजनीतिक रैली होगी बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का भी आह्वान करेगी।”

आम आदमी पार्टी ने ईडी द्वारा पार्टी सुप्रीमो और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में कैंडल मार्च निकालने और भाजपा सरकार का पुतला जलाने का फैसला किया था। दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए थे और मध्य दिल्ली में भाजपा मुख्यालय और ईडी कार्यालय दोनों की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया था।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles