अडानी की दौलत में बेतहाशा वृद्धि, एलन मस्क और जैफ बेजॉस को भी पछाड़ा

अडानी की दौलत में बेतहाशा वृद्धि, एलन मस्क और जैफ बेजॉस को भी पछाड़ा

देश के जाने माने कारोबारी गौतम अडानी की दौलत में पिछले कुछ सालों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। एशिया के दूसरे सबसे अमीर आदमी गौतम अडानी ने 2021 में कमाई के मामले में दुनिया के टॉप 3 दौलतमंदों एलन मस्क, जैफ बेजॉस और बर्नार्ड अरनॉल्ट को भी पीछे छोड़ दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि गौतम अडानी ने 2021 में अपनी संपत्ति में 49 बिलियन अमेरिकी डॉलर का इजाफा किया है। यह पिछले वर्ष दुनिया के टॉप 3 अरबपतियों की कमाई गई कुल रकम से भी अधिक है।

बुधवार को 2022 एम 3 एम हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा है कि अकेले गौतम अडानी ने 2021 में दुनिया के टॉप 3 अरबपतियों की टोटल कमाई से ज्यादा दौलत जुटाई है।

बात करें मुकेश अंबानी की तो रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक 103 बिलियन अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। वहीँ पोर्ट टू एनर्जी समूह अडानी ग्रुप के प्रमुख गौतम अडानी दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। हालांकि उनकी संपत्ति 153 प्रतिशत बढ़कर 81 अरब डॉलर हो गई है।

2022 एम 3 एम हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट ने इस सूची के बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि पिछले 10 वर्षों में मुकेश अंबानी की संपत्ति में 400% की बढ़ोतरी हुई है वहीँ अडानी की संपत्ति में यह बढ़ोतरी 1830% की दर से हुई है। अन्य भारतीय धन कुबेरों में एचसीएल के शिव नादर 28 बिलियन अमेरिकी डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद सिरम इंस्टीट्यूट के साइरस पूनावाला 26 बिलियन अमेरिकी डॉलर और स्टील मैग्नेट लक्ष्मी मित्तल 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर के साथ इस सूची में जगह बनाए हुए हैं।

2022 एम 3 एम हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट ने अपने बयान में कहा है कि 59 वर्षीय गौतम अडानी 2022 में सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले कारोबारी हैं। उन्होंने पिछले साल अपनी संपत्ति में 49 बिलियन डॉलर जोड़े हैं। उनकी संपत्ति में होने वाली वृद्धि दुनिया के टॉप 3 कारोबारी एलन मस्क, जैफ बेजॉस और बर्नार्ड अरनॉल्ट जैसे अरबपतियों से कहीं अधिक है। मुकेश अंबानी की संपत्ति में 2021 में 20 बिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है। 2022 एम 3 एम हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट ने 69 देशों के 3381अरबपतियों और 2557 कंपनियों का उल्लेख किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles