चुनाव के समय आप धर्म की बात पर ध्यान मत देना: प्रियंका गांधी

चुनाव के समय आप धर्म की बात पर ध्यान मत देना: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आदिवासी बहुल इलाके सागवाड़ा (डूंगरपुर) और चित्तौड़गढ़ में जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका ने कहा- भाजपा धर्म के आधार पर राजनीति कर रही है। यह ऐसी राजनीति है जो आपका ध्यान भटकाना चाहती है। सब जानते हैं धर्म की बात करेंगे तो आपके जज्बात उभरेंगे। सोचो वह इंसान धर्म की बात चुनाव के समय क्यों कर रहा है? नेता चालाक होता है।

किसी भी नेता को इतनी छूट दे दो कि वो आलसी बन जाए। उसकी जवाबदेही हटा दो। उसको पता चल जाए कि मैं इधर-उधर की बातें कर लूंगा, धर्म-जाति की बात कर लूंगा। ध्यान भटका दूंगा तो मुझे वोट मिल जाएगा। तो काम क्यों करेगा? आपने आदत जो बिगाड़ दी है। इस बार मत बिगाड़ना। आप धर्म की बात पर ध्यान मत देना।

प्रिंयका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार वाले राज्यों में चुनाव आने पर रसोई गैस सिलेंडर की कीमत कम होती है। वहीं राजस्थान में रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलता है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने जनता को ‘महंगाई राहत कैंप’ लगाकर मोदी सरकार की महंगाई से बचाकर रखा है।

पिछले साल कृषि कानूनों को लेकर किसान धरने पर बैठे थे, भाजपा मंत्री के बेटे ने कुछ किसानों को अपनी गाड़ी के नीचे रौंद दिया। फिर भी पीएम मोदी वहां नहीं गए। किसान अपनी मांगों के लिए महीनों तक धरने पर बैठे रहे, पर मोदी सरकार ने उनकी बात नहीं मानी। लेकिन जैसे ही चुनाव नजदीक आए, ये कानून वापस ले लिए गए, क्योंकि मोदी सरकार का ध्यान सिर्फ चुनाव पर रहता है।

उन्होंने कहा कि, भाजपा की सरकारों में हर तरफ घोटाले ही हुए हैं। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में तो 250 से ज्यादा घोटाले हुए हैं, जनता के करोड़ों रुपए लूटे गए हैं। भाजपा सरकार आपकी संपत्ति छीनकर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दे रही है। लेकिन कांग्रेस सरकार आपकी संपत्ति आपकी जेब में डालेगी और आपकी मांगों को पूरा करेगी।

प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकारें बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं। मोदी सरकार ने देश के पीएसयू को कमजोर करते हुए अपने दोस्तों को सौंप दिया है। पहले वहां अच्छी नौकरियां मिलती थी, लेकिन आज सब भटक रहे हैं। वहीं कांग्रेस की सरकारें ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देकर, गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का काम करती आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles