भारत में लोकतंत्र, राजतंत्र में तब्दील किया जा रहा: चंद्रशेखर आजाद
अयोध्या के मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए कल यानि 5 फरवरी को मतदान किया गया था। मतदान के दौरान पूरे दिन आरोप-प्रत्यारोप को सिलसिला जारी रहा। सपा के द्वारा लगातार धांधली करने का आरोप लगाया गया। अब नतीजों का इंतजार है जो कि 8 फरवरी का आएगा। लेकिन इन सब के बीच राजनीति और तेज हो गई है। मतदान के बाद भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने एक बार फिर से सरकारी मशीनरी के प्रयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि आठ फरवरी को ईवीएम खुल जाएगी तो सब पता चल जाएगा। जितना सरकारी मशीनरी का प्रयोग किया जा सकता है उतना किया गया है। वह बोले, “मैं दुखी मन से कह रहा हूं कि भारत में लोकतंत्र , राजतंत्र में तब्दील किया जा रहा है। चंद्रशेखर ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटा गया है। भाजपा ने लोगों को उनके मत का प्रयोग न करने देने का पाप किया है। आज सत्ता में बैठकर उत्तर प्रदेश की सरकार सोच रही है कि वह कभी सत्ता से नहीं जाएगी, लेकिन जनता सरकार को जवाब देगी।
उन्होंने अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों की वापसी पर, पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, अब प्रधानमंत्री नारा लगाएं, अब की बार ट्रंप सरकार… अगर आपकी विदेश नीति अच्छी होती तो शायद ऐसा नहीं होता। इससे पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारत निर्वाचन आयोग को लेकर विवादित टिप्पणी की है। अखिलेश यादव ने कहा है कि ‘यह भाजपा का चुनाव लड़ने का तरीका है। चुनाव आयोग मर गया है, सफेद कपड़ा हमें भेंट करना पड़ेगा।
मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जारी विवादों पर समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने भी प्रतिक्रिया दी है। जिया उर रहमान ने कहा कि इन चुनावों में गड़बड़ी हुई है। हमारी पार्टी इसकी शिकायत करती रही है। हमारे पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर यही कहा है। पुलिस की मदद से चुनावों में गड़बड़ी की जा रही है। लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि सपा इन सबसे उबरकर चुनाव जीतेगी।