भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के राजस्थान आगमन पर जनसैलाब उमड़ा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के राजस्थान आगमन पर जनसैलाब उमड़ा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार शाम को उत्तर प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर गई। राजस्थान के धौलपुर में लोगों के जनसैलाब ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया। इस मौके पर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में ‘न्याय’ शब्द इसलिए जोड़ा गया है क्योंकि देश में कई तरह के अन्याय हो रहे हैं और इसके खिलाफ लड़ने की जरूरत है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश में कई तरह के अन्याय हो रहे हैं, चाहे वह आर्थिक हो, सामाजिक हो या किसानों और महिलाओं के खिलाफ अन्याय हो। उन्होंने कहा, ‘‘हम देश के सामने यह बात रखना चाहते हैं कि देश में फायदा केवल दो-तीन प्रतिशत लोगों को हो रहा है। आम लोगों को देश की प्रगति में कोई भागीदारी नहीं मिल रही है।’’ उन्होंने कहा कि यात्रा राजस्थान से गुजरात, मध्य प्रदेश और फिर महाराष्ट्र तक जाएगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यात्रा का संदेश भारत को जोड़ना, सबकी एकता और उसके साथ नयी यात्रा में न्याय शब्द जोड़ना है। उन्होंने कहा, ‘‘नई यात्रा में ‘न्याय’ शब्द जोड़ा गया है। इसका संदेश यह है कि युवाओं, किसानों और आम लोगों के साथ अन्याय हो रहा है और आप महंगाई से प्रभावित हो रहे हैं और जिन्हें रोजगार मिलना चाहिए उन्हें नहीं मिल रहा है। हमें एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ लड़ना है।‘‘

प्रियंका ने कहा, ‘‘बड़े उद्योगपतियों को सारा लाभ मिल रहा है, देश की बड़ी संपत्तियां उन्हें सौंपी जा रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि किसान क्यों आंदोलन कर रहा है क्योंकि सरकार की बड़ी बातों के बावजूद उसके जीवन के संघर्ष में कोई बदलाव नहीं आया है बल्कि ज्यादा संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘केवल वे बड़े उद्योगपति ही फल-फूल रहे हैं, जिनके लिए बीजेपी सरकार काम कर रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें एकजुट होना होगा और अन्याय के खिलाफ लड़ना होगा।’’ कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहे। यात्रा दो मार्च की दोपहर से फिर धौलपुर से आगे के लिए शुरू होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles