कर्नल कोठियाल ने छोड़ा आप पार्टी का साथ, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष ने भी किया किनारा

कर्नल कोठियाल ने छोड़ा आप पार्टी का साथ, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष ने भी किया किनारा

दोनों नेताओं ने अपने इस्तीफे आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अलग अलग सौंपे। पूर्व सैन्य अधिकारी ने अपने इस्तीफे की प्रति को ट्विटर पर पोस्ट किया है।

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं कर्नल अजय कोठियाल और भूपेश उपाध्याय ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। कर्नल कोठियाल 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे। दोनों नेताओं ने अपने इस्तीफे आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अलग-अलग सौंपे। पूर्व सैन्य अधिकारी ने अपने इस्तीफे की प्रति ट्विटर पर पोस्ट करते हुए पार्टी छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की है।

बता दें कि विधानसभा चुनाव में गंगोत्री सीट से चुनाव लड़ने वाले कोठियाल की जमानत जब्त हो गई थी। केजरीवाल को लिखे अपने पत्र में कर्नल कोठियाल ने कहा कि मैं 19 अप्रैल, 2021 से लेकर 18 मई, 2022 तक आम आदमी पार्टी का सदस्य रहा हूं। पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के पूर्व कर्मियों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं 18 मई को अपना इस्तीफा आपको भेज रहा हूं।

हालांकि 24 अगस्त, 2021 को एक सदस्य के रूप में पार्टी में शामिल हुए उपाध्याय ने अपने इस्तीफे का कारण पार्टी की विचारधारा से मोहभंग होना बताया। उपाध्याय ने केजरीवाल को लिखे पत्र में कहा आप का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद मैंने महसूस किया कि यह विचारधारा और कार्यशैली से बहुत दूर है।

हाल में कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए वरिष्ठ नेता जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि कर्नल कोठियाल का पार्टी छोड़ने का निर्णय व्यक्तिगत है। आप की प्रदेश इकाई के समन्वयक बिष्ट ने कहा कि कोठियाल पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं। त्यागपत्र देने का उनका निर्णय व्यक्तिगत है क्योंकि उन्होंने इसके लिए कोई कारण नहीं बताया है। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles