चंडीगढ़ मेयर चुनाव, 2024 लोकसभा चुनाव की नींव रखेगा: राघव चड्ढा

चंडीगढ़ मेयर चुनाव, 2024 लोकसभा चुनाव की नींव रखेगा: राघव चड्ढा

आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि, 18 जनवरी को होने वाला चंडीगढ़ मेयर का चुनाव इस देश की राजनीति की तकदीर, तस्वीर, दशा और दिशा बदलने वाला चुनाव है। आप नेता ने कहा कि यह 2024 लोकसभा चुनाव की नींव रखेगा। गुरुवार को होने वाले आगामी चंडीगढ़ मेयर चुनाव के बारे में राघव चड्ढा ने कहा कि हम मानते हैं कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी हार जाएगी, यह इंडिया गठबंधन और बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि आप और कांग्रेस चंडीगढ़ मेयर का चुनाव मिलकर लड़ेंगे जो लोकसभा चुनाव के लिए पर्दा उठाने वाला होगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का जीत रूपी यह रथ चंडीगढ़ तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कश्मीर से कन्याकुमारी और मणिपुर से मुंबई तक जाएगा। चंडीगढ़ मेयर का चुनाव इंडिया गठबंधन अपना पहला चुनाव लड़ने जा रहा है।

राघव चड्ढा ने कहा कि महापौर उम्मीदवार आम आदमी पार्टी से होंगे, जबकि दो उप महापौर उम्मीदवार कांग्रेस से होंगे। मंगलवार को आप और कांग्रेस ने आगामी चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए गठबंधन किया। समझौते के तहत आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार टीटा मेयर की सीट के लिए लड़ेंगे, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गैबी और निर्मला देवी वरिष्ठ डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव लड़ेंगे।

35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के 14 पार्षद हैं। इसमें एक पदेन सदस्य सांसद भी होता है जिसके पास मतदान का अधिकार होता है। आप के 13 और कांग्रेस के सात पार्षद हैं। सदन में शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब इंडिया गठबंधन के दोनों घटक दल इस साल के लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बँटवारे पर बातचीत कर रहे हैं।

कांग्रेस की कई राज्यों में अन्य दलों के साथ भी बातचीत का दौर चल ही रहा है। पार्टी की यूपी में सपा और बिहार में जेडीयू के साथ भी बैठक हो रही है। महाराष्ट्र में भी शिवसेना और एनसीपी के साथ बातचीत चल ही रही है। समझा जाता है कि अधिकतर राज्यों में बातचीत अंतिम दौर में है। पश्चिम बंगाल को लेकर मुश्किलें आ रही हैं। लेकिन वहाँ भी बातचीत से मुद्दे को हल करने की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles