अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ़्तार

अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ़्तार

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों के कई अलग-अलग जगहों पर छिपे होने की जानकारी मिली थी। इनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज आरोपियों को गुजरात से मुंबई लाया जाएगा और मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया जाएगा।

एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी। गुजरात पुलिस को मुंबई पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन के बारे में सूचित किया था। आरोपियों के कच्छ जिले में होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर कच्छ की स्थानीय अपराध शाखा को तकनीकी वर्क आउट और निजी मुखबिरों की सक्रियता से सूचना मिली थी कि आरोपी मतानमध मंदिर परिसर में मौजूद हैं। जिसके बाद पुलिस वहां छापेमारी करने पहुंची। बता दें, दोनों आरोपी बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

एक आरोपी का नाम सागर पाल और दूसरे का नाम विक्की साहब गुप्ता बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में पता चला है कि सलमान खान के घर पर पहले फायरिंग सागर पाल ने ही की थी। भुज पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा, “पश्चिम कच्छ पुलिस ने 14 अप्रैल को अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) के रूप में हुई है।”

सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो लोगों ने रविवार सुबह करीब पांच बजे चार गोलियां चलाईं थी और मौके से भाग निकले थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे सूरत की नदी में इन्होंने फेंक दिया था। सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग ने देश भर में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बंदोस्त कड़े कर दिए थे। मुंबई पुलिस ने गोलीबारी के आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles