असम में राहुल की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया: कांग्रेस

असम में राहुल की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया: कांग्रेस

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज सातवां दिन है। राहुल गांधी ने शनिवार को असम के लखीमपुर से यात्रा शुरू की है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि लखीमपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के काफिले पर BJP के गुंडों ने हमला किया है। कांग्रेस “टारगेटेड हमला” करने के लिए भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज करने जा रही है।

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा- असम के लखीमपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के काफिले पर BJP के गुंडों ने हमला कर दिया। BJP के गुंडों ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के पोस्टर-बैनर फाड़े और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। ये कायराना और शर्मनाक हरकत दिखाती है कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मिल रहे प्यार और जनसमर्थन से BJP सरकार घबरा गई है, डर गई है।

शुक्रवार (19 जनवरी) को राहुल ने असम के लखीमपुर जिले के गोगामुख में जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा और RSS दिल्ली से हिंदुस्तान पर शासन करना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस स्थानीय शासन का समर्थन करती है।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक यह घटना शुक्रवार देर रात हुई थी लेकिन इसकी सूचना सुबह मिली। कांग्रेस ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर को विरूपित करने और राहुल गांधी की तस्वीर वाले बैनर और कटआउट को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने हमले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की। असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने लखीमपुर में हुई घटना की पुष्टि की।

राहुल ने ब्रह्मपुत्र नदी में बोट पर सैर की। वे जोरहाट से दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली पहुंचे। वहां से यात्रा सड़क मार्ग से गोगामुख पहुंची। रास्ते में राहुल ने लोगों का अभिवादन किया और रास्ते में कतार में खड़े लोगों से बातचीत की। भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने गोगामुख में नाइट स्टे किया। आज राहुल अरुणाचल प्रदेश जाएंगे। वहां रात भर रुकने के बाद रविवार को वापस असम लौटेंगे। राहुल 18 जनवरी से असम में थे। वे 25 जनवरी तक यहां रहेंगे।

राहुल गांधी अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के दिन असम के नागांव जिले में श्री शंकरदेव के जन्मस्थल बोरदोवा सत्रा जाएंगे। कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश ने शनिवार (20 जनवरी) को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नौवां दिन है। राहुल गांधी सुबह 7 बजे नगांव जिले के बोरदोवा सत्रा जाएंगे और श्री शंकरदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर में शुरू हुई और 20 या 21 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। यह 67 दिनों में 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरते हुए 6,713 किमी की दूरी तय करने वाली है। असम में यात्रा का चरण गुरुवार को शुरू हुआ था और 25 जनवरी तक जारी रहेगा, जिसमें 17 जिलों में 833 किमी की दूरी तय होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles