नकाबपोश डॉक्टर को ड्यूटी पर देखकर भड़का भाजपा कार्यकर्ता

नकाबपोश डॉक्टर को ड्यूटी पर देखकर भड़का भाजपा कार्यकर्ता

तमिलनाडु के नागपट्टनम जिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता के खिलाफ एक नकाबपोश डॉक्टर को उसके कर्तव्यों को निभाने में बाधा डालने और जानबूझकर उसकी धार्मिक मान्यताओं का अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ता भुवनेश्वर राम अपने दोस्त सुब्रमण्यम के साथ 24 मई की देर रात थिरुपोंडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने गया था , और वहां उसने महिला डॉक्टर से बदतमीजी की। उसे शिकायत थी कि डॉक्टर ड्यूटी के दौरान हिजाब क्यों पहनती है। बताया गया है कि इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

रिपोर्ट्स के अनुसार भुवनेश्वर राम, डॉक्टर जन्नत फिरदौस से झगड़ते हुए उनका वीडियो भी बना रहा था, जिस पर डॉक्टर जन्नत फिरदौस ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नाइट शिफ्ट करते समय महिला डॉक्टर के साथ अपशब्दों का प्रयोग करना और बिना अनुमति के महिला डॉक्टर का वीडियो बनाना बिल्कुल गलत है। बाद में डॉ. जन्नत फिरदौस ने इस सिलसिले में भुवनेश्वर राम के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब बीजेपी कार्यकर्ता विवादित बातें कर वीडियो बना रहा था, उसी वक्त डॉक्टर जन्नत फिरदौस ने भी अपने मोबाइल फोन से झगड़े का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस मौके पर वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी भुवनेश्वर राम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने यह भी कहा कि बिना महिला डॉक्टर की इजाजत के रात में वीडियो बनाना बिल्कुल गलत है।

हालांकि, पुलिस ने भुवनेश्वर राम के खिलाफ आईपीसी की धारा 294बी (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील शब्द बोलना), 353 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग) और 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। अभी तक पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पाई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles