अपने दम पर भाजपा 500 वोट भी हासिल नहीं कर पाएगी: भाजपा विधायक

अपने दम पर भाजपा 500 वोट भी हासिल नहीं कर पाएगी: भाजपा विधायक

हाल ही में भाजपा की तरफ से कहा गया था कि भगवा पार्टी मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व वाले गठबंधन सहयोगी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) से संतुष्ट नहीं है और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने पर विचार कर सकती है। इसी पर गंगटोक से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वाई टी लेप्चा ने दावा किया है कि अगर भगवा पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है तो वह 500 वोट भी हासिल नहीं कर पाएगी।

लेप्चा ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से इस बात का समर्थन करता हूं कि एसकेएम और भाजपा के बीच गठबंधन 2024 में भी जारी रहना चाहिए। अगर दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो आसानी से जीत मिल जाएगी।

लेप्चा ने सोमवार को कहा कि सिक्किम में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एसकेएम के साथ गठबंधन के बिना भाजपा के किसी भी सीट पर जीतने की संभावना बहुत कम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने दम पर एक भी पंचायत सीट नहीं जीती है। एसकेएम के साथ गठबंधन करने पर दो विधानसभा उपचुनाव जीते हैं। बता दें, भाजपा विधायक का इशारा गंगटोक और मार्तम रुमटेक सीट की ओर था।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता कमल अधिकारी ने लेप्चा के बयान पर कहा कि यह उनके निजी विचार हैं। उन्होंने कहा कि हम सिक्किम की सभी 32 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे क्योंकि दोनों दलों के बीच अब तक किसी गठबंधन पर कोई विचार-विमर्श नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमालयी राज्य को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 371 (एफ) की पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles