अनंत हेगड़े के विवादित बयान ‘मस्जिदें ढहाई जाएँगी’ से बीजेपी ने किया किनारा

अनंत हेगड़े के विवादित बयान ‘मस्जिदें ढहाई जाएँगी’ से बीजेपी ने किया किनारा

नेताओं का विवादित बयानों से चोली दामन का साथ है। आजकल विवादित बयान देने की नेताओं में होड़ सी लगी है। जनता का दिल जीतने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की जगह हर नेता विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहना चाहता है। उन्हीं नेताओं में से एक भाजपा सांसद अनंत हेगड़े हैं।

अनंत हेगड़े जनता के मुद्दे सुलझाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की जगह विवादित बयानों बके कारण चर्चा में रहते हैं। उनके बयानों के बाद भारतीय जनता पार्टी को सफ़ाई देनी पड़ती है। इस बार भी भाजपा ने उनके विवादित बयानों से किनारा करते हुए उनका व्यक्तिगत बयान क़रार दिया है, लेकिन यह भी वास्तविकता है कि उनके विवादित बयानों के बाद भी पार्टी ने उन पर कोई कार्यवाई नहीं की है।

कर्नाटक बीजेपी सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने एक और विवादित बयान दे दिया है। उन्होंने राज्य में कई मस्जिदों का नाम लेते हुए उन्हें ढहाने की बात कह दी है। इस पर पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है। बीजेपी ने अनंत हेगड़े के बयान से खुद को अलग कर लिया है।कर्नाटक पुलिस ने अनंतकुमार हेगड़े के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।

रविवार को पुलिस ने हेगड़े की टिप्पणी पर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 153 ए यानी विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना और धारा 505 यानी सार्वजनिक उत्पात फैलाने वाले बयान के तहत शिकायत दर्ज की। कुमटा पुलिस ने हेगड़े के खिलाफ नफ़रत फैलाने वाले भाषण और ज़िले में अशांति पैदा करने की कोशिश से संबंधित धाराएँ लगाते हुए मामला दर्ज किया है।

दरअसल, हेगड़े ने भटकल, उत्तर कन्नड़ और मांड्या में कई मस्जिदों का नाम लेते हुए दावा किया था कि वे सभी हिंदू मंदिरों के ऊपर बनाई गई थीं। उन्होंने कहा, ‘राज्य के हर गांव में छोटे-छोटे धार्मिक स्थल हैं जो ग़लत बनाए गए हैं। जब तक इन्हें ध्वस्त नहीं किया जाएगा, हिंदू समुदाय शांत नहीं बैठेगा।

उन्होंने तो यहाँ तक कह दिया कि उनके बयान को धमकी के रूप में लिया जा सकता है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने शनिवार को कुमटा में एक बैठक में कहा था, ‘हम निश्चित रूप से विध्वंस करेंगे। यह हिंदू समुदाय का निर्णय है,अनंत कुमार हेगड़े का नहीं’।

बता दें कि हेगड़े महात्मा गांधी पर भी विवादित बयान दे चुके हैं। हेगड़े ने महात्मा गाँधी पर हमला बोला था और देश की आज़ादी के लिये किये गये उनके संघर्ष को ड्रामा बताया था। हेगड़े ने बापू को महात्मा कहने पर भी सवाल उठाया था और कहा था कि कैसे ऐसे लोगों को भारत में महात्मा कहा जाता है। बयान को लेकर विवाद होने पर हेगड़े ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने एक बार भी महात्मा गाँधी का नाम नहीं लिया था।

हेगड़े ने कहा था, ‘कांग्रेस का समर्थन करने वाले लोग कहते हैं कि भारत को आज़ादी सत्याग्रह के कारण मिली लेकिन यह सही नहीं है। अंग्रेजों ने इस देश को सत्याग्रह के कारण नहीं छोड़ा था।’ उन्होंने कहा था कि अंग्रेजों ने परेशान होकर देश को आज़ादी दी थी। बीजेपी सांसद ने कहा था, ‘जब मैं इतिहास पढ़ता हूं तो मेरा खून उबल जाता है। ऐसे लोग हमारे देश में महात्मा बन जाते हैं।’

हेगड़े ने एक रैली में कहा था कि बीजेपी संविधान में संशोधन करने के लिए ही सत्ता में आई है। उन्होंने कहा था कि संविधान में पहले भी संशोधन हुए हैं और वे संशोधन करके संविधान से ‘सेक्युलर’ शब्द को हटाएँगे।

लोकसभा चुनाव 2019 से ठीक पहले जब बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने महात्मा गाँधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था तो हेगड़े ने उनके बयान को सही ठहराया था और कहा था कि साध्वी प्रज्ञा को इस पर माफ़ी माँगने की कोई ज़रूरत नहीं है। जबकि पीएम मोदी ने कहा था कि वह साध्वी प्रज्ञा को कभी दिल से माफ नहीं करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles