लोकसभा चुनाव के छठें चरण में 58 सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 39.13% मतदान

लोकसभा चुनाव के छठें चरण में 58 सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 39.13% मतदान

लोकसभा चुनाव 2024: सात चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 25 मई को आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 58 सीटों पर मतदान है। छठे चरण में 889 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस, झारखंड की चार, दिल्‍ली की सभी सात, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्‍मू-कश्‍मीर की एक सीट पर वोटिंग है। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक है।

लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाओं सहित कम से कम 11.13 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आठ राज्यों में छठे चरण का मतदान जारी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, अरविंद केजरीवाल सहित कई नामचीन लोगों ने मतदान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की।

जम्मू कश्मीर की अनंतनाग में आज मतदान हो रहा है। इस दौरान पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती धरने पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि मेरे कई समर्थकों और पोलिंग एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेरे मोबाइल फोन की आउटगोइंग कॉल्स भी बंद कर दी गई हैं। उधर, इस मामले पर पुलिस का जवाब है कि सिर्फ उन्हीं लोगों को सावधानी के तौर पर हिरासत में लिया गया है जो कानून व्यवस्था के लिए खतरा हैं या फिर आतंकियों के पुराने मददगार हैं।

उधर सपा ने चुनाव आयोग को सूचित किया है कि उसके अंबेडकरनगर प्रत्याशी लालजी वर्मा के घर पुलिस घुस गई है। सपा का कहना है कि प्रत्याशी लालजी वर्मा के घर योगी सरकार के इशारे पर पुलिस ने दल बल के साथ पहुंचकर प्रत्याशी को नजरबंद किया है और मतदान करने से दलितों पिछड़ों अल्पसंख्यकों को रोका जा रहा है। चुनाव आयोग बताए कि ये किस नियम के तहत पुलिस कर रही और क्या यही आपकी निष्पक्षता है?

ओडिशा के पुरी शहर से भाजपा प्रत्याशी संबित पात्रा ने आरोप लगाया है कि “पुरी में कई बूथों पर ईवीएम काम नहीं कर रही हैं। लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है; दो घंटे हो गए हैं, पुरी में अभी भी मतदान शुरू नहीं हुआ है। मैं भी पिछले एक घंटे से अपने बूथ के बाहर खड़ा हूं। लोगों को लग रहा है कि यह प्रायोजित किया जा रहा है। और मुझे लगता है कि प्रशासन और चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।”

वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सोमनाथ भारत ने आरोप लगाया है कि पोलिंग बूथ के अंदर भाजपा के पोलिंग एजेंट खुलेआम भाजपा के पर्चे दिखा रहे हैं। चुनाव आयोग को भेजी गई जानकारी में आप ने कहा AC-43 के बूथ नंबर 134,135,137 और 138 में यह मामला सामने आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles