तालिबान ने लिया यू-टर्न, लड़कियों के स्कूलों को किया बंद

तालिबान ने लिया यू-टर्न, लड़कियों के स्कूलों को किया बंद 

अफगानिस्तान में तालिबान प्रशासन ने घोषणा की है कि लड़कियों के हाई स्कूल करीब सात महीनों में पहली बार फिर से खुलने के कुछ घंटों बाद बंद कर दिए जाएंगे।

तालिबान के पीछे हटने का मतलब है कि छठी कक्षा से ऊपर की छात्राएं स्कूल नहीं जा सकेंगी। सरकारी समाचार एजेंसी बख्तर न्यूज एजेंसी के अनुसार शिक्षा मंत्रालय के एक नोटिस में बुधवार को कहा गया कि इस्लामिक कानून और अफगान संस्कृति के अनुसार एक योजना तैयार किए जाने तक लड़कियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे।

नोटिस में कहा गया है कि हम सभी गर्ल्स हाई स्कूलों और उन स्कूलों को सूचित करते हैं जिनमें कक्षा छह से ऊपर की छात्राएं हैं कि वे अगले आदेश तक बंद हैं। अफगानिस्तान में तालिबान लड़कियों के हाई स्कूलों को खोलने के वादे से मुकर गया है। तालिबान प्रशासन ने कहा है कि लड़कियों के लिए यूनिफॉर्म अभी तय नहीं हुई है इसलिए स्कूल नहीं खोले जा रहे हैं।

अगस्त 2021 में जब अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा हुआ था तो पूरे देश में स्कूल बंद कर दिए गए थे। ये स्कूल अब खुलने वाले थे लेकिन इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। शिक्षा मंत्रालय ने अचानक एलान किया कि लड़कियों के सेकेंडरी स्कूल बंद रहेंगे। इससे भ्रम पैदा हो गया है। तालिबान सरकार के इस एलान के बाद तो कुछ लड़कियां रो पड़ीं। कुछ लड़कियां और उनके माता-पिता नाराज हैं। उन्होंने आखिरी वक्त में लिए गए इस फैसले के ख़िलाफ अपना गुस्सा ज़ाहिर किया है। हाई स्कूल में पढ़ने वाली लड़कियां इस बात से बड़ी खुश और रोमांचित थीं कि वे दोबारा स्कूल जाना शुरू करेंगीं।

एक सप्ताह पहले ही शिक्षा मंत्रालय ने एलान किया था कि लड़कियों के सभी स्कूल अफगानिस्तान में बुधवार को खोले जाएंगे। लेकिन अब कहा गया है कि लड़कियों के सभी स्कूल और वे स्कूल जिनमें लड़कियां पढ़ती हैं अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles