हांगकांग के लोकतंत्र कार्यकर्ता एग्नेस चाउ जेल से रिहा

हांगकांग के लोकतंत्र कार्यकर्ता एग्नेस चाउ जेल से रिहा, 2019 में शहर हांगकांग में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के लिए गिरफ्तार हुई लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता एग्नेस चाउ को लगभग सात महीने बाद शनिवार को जेल से रिहा कर दिया गया।

बताते चले कि 24 वर्षीय चाउ को अपने सक्रिय सहयोगी, जोशुआ वोंग के साथ चीनी शासित शहर में पुलिस मुख्यालय के पास एक अवैध रैली में शामिल होने के लिए दोषी ठहराया गया था।

यह बात गौर तलब है कि वोंग अभी भी जेल में है और 10 महीने जेल की सजा सुनाए जाने के बावजूद चाउ की जल्द रिहाई का कारण स्पष्ट नहीं किया गया। सुधार सेवा विभाग ने भी इसका कोई जवाब नहीं दिया है।

रायटर्स के अनुसार चाउ को लगभग सुबह 10 बजे रिहा किया गया। उसने मीडिया से कोई भी बात नहीं की। भारी संख्या में मौजूद समर्थकों ने काले रंग की टी शर्ट पहनकर , पीले रंग के मास्क लगाकर और हाथ मे पीले रंग की छतरी लेकर चाउ के लिए उत्साहित नारे लगाते हुए पुलिस के लिए विरोध जाहिर किया।

बाद में उसने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में अपने दोस्तों को धन्यवाद दिया और कहा कि उसकी अगली योजना आराम करने की है ” आखिरकार यह दर्दनाक 6 महीने 20 दिन खत्म हो गए।”

चाउ, वोंग और नाथन लॉ सार्वभौमिक मताधिकार की मांग के लिए 2014 के विरोध प्रदर्शनों के दौरान युवा कार्यकर्ताओं के रूप में सामने आए। तीनों ने 2016 में लोकतंत्र समूह डेमोसिस्टो की स्थापना की, जिसे पिछले साल बीजिंग द्वारा शहर के लिए एक विवादास्पद राष्ट्रीय सुरक्षा कानून पारित करने के कुछ घंटों बाद भंग कर दिया गया था। कानून ने लोकतंत्र समर्थक आंदोलन को दबा दिया है और स्वायत्तता संभावनाओं के बारे में चिंता जताई है । बताते चले कि हांगकांग को “एक देश, दो सिस्टम” फॉर्मूला के तहत 1997 में चीन को सौंप दिया गया था।

चाउ को पिछले साल सुरक्षा कानून के तहत “विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत” के संदेह में भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन इससे संबंधित किसी भी आरोप को साबित नही किया जा सका।

जापान में चाउ के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं, विशेष रूप से सोशल मीडिया पर और जापानी मीडिया उन्हें “लोकतंत्र की देवी” करार देती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles