मराठा आरक्षण हुआ हिंसक, भीड़ ने NCP विधायक का घर फूंका

मराठा आरक्षण हुआ हिंसक, भीड़ ने NCP विधायक का घर फूंका

मराठा आरक्षण आंदोलन ने हिंसक रूप धारण कर लिया है। मराठा आंदोलनकारियों ने आज बीड के माजलगांव तहसील में शरद पवार की पार्टी एनसीपी के विधायक प्रकाश सोलंकी के घर में आग लगा दी। साथ ही उनके दफ्तर और गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। जिस समय प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को अंजाम दिया और घर में आग लगाई, तब विधायक अपने परिवार के साथ अंदर ही मौजूद थे।

दरअसल एनसीपी विधायक सोलंकी की एक ऑडियो क्लिप वायरल हो गई थी, जिसमें वह मराठा आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। विधायक की टिप्पणी को लेकर आंदोलनकारी नाराज थे और उन्होंने विधायक के घर में आग लगा दी। कहा जा रहा है कि आंदोलनकारियों ने जब विधायक के घर पर हमला किया, तब वहां पुलिस भी मौजूद थी। हालांकि अब इलाके में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

प्रकाश सोलंकी अजित पवार गुट के विधायक हैं। वह बीड की माजल गांव विधानसभा सीट से विधायक हैं। एनसीपी (शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने इस हमले को लेकर शिंदे सरकार पर हमला बोला है। सुप्रिया सुले ने कहा है, ”महाराष्ट्र में जो ट्रिपल ईंजन की सरकार है, ये उनकी विफलता है। आज एक विधायक का घर जलाया जाता है। गृह मंत्रालय क्या कर रहा है और गृह मंत्री क्या कर रहे हैं? ये उनकी जिम्मेदारी है।

इस घटना के बाद एनसीपी विधायक प्रकाश ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मेरे घर पर मराठा आरक्षण की मांग कर रहे लोगों ने हमला कर दिया और फिर घर में आग लगा दी। जब हमला हुआ, तब मैं घर के अंदर मौजूद था। हालांकि सौभाग्य से मेरे परिवार का कोई भी सदस्य या कर्मचारी इस हमले में घायल नहीं हुआ। हम सभी सुरक्षित हैं।आग के कारण मेरी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।

इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है, ”मनोज जारांगे पाटिल को इस घटना पर ध्यान देना चाहिए कि यह विरोध क्या मोड़ ले रहा है। यह गलत दिशा में जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों से मेरी अपील है कि कोई भी अतिवादी-हिंसक कदम न उठाएं। हम मराठा समुदाय को आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles