यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए उड़ान भरेंगी विशेष फ्लाइट्स

यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए उड़ान भरेंगी विशेष फ्लाइट्स

यूक्रेन और रूस के बीच गहराता संकट देखते हुए भारत सरकार ने यूक्रेन से अपने नागरिकों को निकालने का फैसला किया है। आज 256 भारतीय छात्रों को लेकर कीव से दिल्ली के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरेगी।

यूक्रेन में लगभग 20000 भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं जिनकी निकासी के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। यूक्रेन पर हमले की आशंका के बीच एयर इंडिया का विशेष विमान यूक्रेन के लिए रवाना हो गया है। भारत सरकार ने इस विशेष अभियान के लिए ड्रीम लाइनर विमान तैनात किया है जिसमें 200 से अधिक सीटें हैं। 256 भारतीय छात्रों को लेकर आज रात एयर इंडिया की फ्लाइट नई दिल्ली पहुंचेगी।

यूक्रेन और रूस के बीच संकट को देखते हुए भारत सरकार ने दोनों देशों के बीच अतिरिक्त उड़ानों को संचालित करने का फैसला किया है। कीव में भारतीय दूतावास ने खबर देते हुए कहा है कि दिल्ली के लिए अतिरिक्त उड़ाने 25, 27 फरवरी और 6 मार्च को संचालित होंगी।

याद रहे कि यूक्रेन संकट के गहराने के साथ ही रूस ने यूक्रेन के 2 शहरों को स्वतंत्र घोषित करते हुए सेना भेजने के आदेश दिए हैं जिस पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक बुलाई है। संयुक्त राष्ट्र में भारतीय प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा है कि यूक्रेन सीमा पर रूसी संघ के साथ बढ़ता तनाव चिंता का विषय है। इन घटनाओं से क्षेत्र की शांति और सुरक्षा खंडित होगी। 20,000 से अधिक भारतीय छात्र और नागरिक यूक्रेन के विभिन्न शहरों में रह रहे हैं जिनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हम दोनों पक्षों से संयम बरतने के साथ कूटनीतिक प्रयास तेज करने का आह्वान करते हैं।

याद रहे कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन के 2 शहरों डोनेत्सक और लुहांस्क को स्वतंत्र रूप में मान्यता दे दी है। पुतिन ने यूक्रेन को अमेरिका का उपनिवेश बताते हुए कहा कि यूक्रेन शासन अमेरिका के हाथों की कठपुतली बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles