हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची जारी, विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची जारी, विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने पहली सूची 31 कैंडिडेट के नामों का ऐलान किया है। पार्टी ने पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया है। पहली सूची पर मुहर कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की मौजूदगी में सीईसी की बैठक में लगी। इसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक बार फिर से पार्टी ने गढ़ी सांपला किलोई सीट से टिकट दिया है।

कांग्रेस की यह सूची तब जारी की गई है जब आप के साथ गठबंधन की कोशिशें चल रही हैं और देर शाम तक सूत्रों के हवाले से तरह-तरह की रिपोर्टें आती रहीं। कुछ रिपोर्टों में कहा गया कि सीट बँटवारा नहीं हो पाया है और आप अकेले चुनाव लड़ सकती है तो कुछ रिपोर्टों में कहा गया कि अभी भी बातचीत जारी है। बहरहाल, इसी बीच कांग्रेस ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है।

खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित हुई ‘केंद्रीय चुनाव समिति’ की बैठक
पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित ‘केंद्रीय चुनाव समिति’ की बैठक में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची तैयार हुई है। सूची जारी किए जाने से कुछ ही घंटे पहले दिग्गज नेता केसी वेणुगोपाल ने विनेश फोगाट और टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया को पार्टी में शामिल किया था।

कांग्रेस की पहली सूची जारी होने से पहले आईसीसी मुख्यालय में भारी हंगामा भी देखने को मिला। बरवाला विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हरियाणा के प्रभारी दीपक बाबरिया की कार को घेर लिया था। बीजेपी ने अपनी पहली सूची में 67 कैंडिडेट का ऐलान किया था। हालांकि कांग्रेस ने पहली सूची जारी करने के कुछ ही देर बाद इसराना से पार्टी के विधायक बलबीर सिंह की उम्मीदवारी अलग से घोषित की। ऐसे में कांग्रेस ने शुक्रवार को कुल 32 सीटों के नाम घोषित किए।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्‌डा किलोई से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पार्टी ने पूर्व मंत्री गीता भुक्कल को झज्जर (सुरक्षित) सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने पूर्व वित्त मंत्री और लालू प्रसाद यादव के दामान चिरंजीव राव को रेवाड़ी से फिर उतारा है। पार्टी ने नूंह सीट पर आफताब अहमद को टिकट दिया है। अन्य बड़े चेहरों में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान होडल (सुरक्षित) सीट से लड़ेंगे। कांग्रेस पार्टी ने एनआईटी फरीदाबाद सीट से नीरज शर्मा को टिकट दिया है। पार्टी ने डबवाली सीट से अमित सिहाग को उतारा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की सीट रहे चुकी नारायणगढ़ से कांग्रेस ने शैली चौधरी को टिकट दिया है।

बजरंग पुनिया किसान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बने
कांग्रेस ने दिल्ली से सटे गुरुग्राम जिले की सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान पहली सूची में नहीं किया है, हालांकि पार्टी ने नूंह जिले की तीनों सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने बजरंग पुनिया के पार्टी में शामिल होते ही बड़ी ज़िम्मेदारी दी है। कांग्रेस ने पत्र जारी कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने बजरंग पुनिया को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles