चंडीगढ़ वह शहर है, जिसको पंडित नेहरू ने लोकतंत्र का प्रतीक कहा था: प्रियंका गांधी

चंडीगढ़ वह शहर है, जिसको पंडित नेहरू ने लोकतंत्र का प्रतीक कहा था: प्रियंका गांधी

चंडीगढ़: लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम सातवें चरण में 1 जून को चंडीगढ़ में भी वोटिंग होनी है। ऐसे में यहां नेताओं की सक्रियता तेज हो गई है और चुनावी पारा बढ़ रहा है। रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चंडीगढ़ पहुंची और यहां सेक्टर-27 स्थित रामलीला ग्राउंड में लोकसभा उम्मीदवार मनीष तिवारी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। चंडीगढ़ में रखी जनसभा में प्रियंका गांधी को सुनने के लिए तपती दोपहर में भी भारी जन सैलाब उमड़ा था। प्रियंका गांधी की भाषण कला ने इसे जनसभा की जगह जन संवाद में तब्‍दील कर दिया।

रैली में भाषण की जगह लोगों से संवाद करती रहीं। आरंभ राहुल गांधी के बेहद लोकप्रिय हो गए फ्रेज से किया। मौजूद लोगों से वह बोलीं मोदी जी को रास्‍ता दिखा दें खटाखटा…..खटाखट…खटाखट…। इस दौरान प्रियंका के साथ मंच पर पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल भी देखे गए। इससे पहले बंसल पार्टी के आयोजनों में नहीं देखे जा रहे थे। मनीष तिवारी को टिकट मिलने के बाद बंसल की नाराजगी की बात सामने आ रही थी। हालांकि, प्रियंका की जनसभा में बंसल ने मंच पर संबोधन भी दिया और तिवारी को शुभकामनाएं भी दीं। इसके साथ ही बीजेपी पर हमला भी बोला।

इसके बाद प्रियंका गांधी ने चंडीगढ़ को टच करते हुए बात की शुरुआत की। वह बोलीं ये वह शहर है, जिसको पंडित नेहरू ने एक बार लोकतंत्र का प्रतीक कहा था। यह वह शहर है, जिसकी तरह शायद ही कोई शहर दुनिया में हो। जिसकी प्‍लानिंग इतने बड़े आर्किटेक्‍ट ने की, जो विदेश से आए और जो आज भी फल-फूल रहा है। यह देश का एक ऐसा केंद्र है, जहां से देश को दिशा दिखाई जाती है। प्रियंका गांधी ने लोगों से ही सवाल किया कि आज देश का सबसे बड़ा मुद्दा क्‍या है, जिस पर जनता के बीच से आवाज आई बेरोजगारी। इसके बाद प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर बड़े सलीके से हमला शुरू किया।

प्रियंका गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपने मोदी जी के मुंह से पिछले 3 महीने में क्‍या बेरोजगारी शब्‍द सुना है। क्‍या कहते हैं मोदी जी बेरोजगारी के बारे में। क्‍या वह सफाई देते हैं कि इनके 10 साल के कार्यकाल में आज सबसे ज्‍यादा बेरोजगारी है। 45 सालों में देश में इतनी बेरोजगारी कभी नहीं रही। 70 करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं हमारे देश में और 30 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। अब मोदी जी ने किस लिए यह पद खाली रखे हुए हैं, ये उन्‍हीं से पूछिये। क्‍योंकि अडानी जी और अंबानी जी तो दो लोग हैं। 30 लाख पद तो नहीं भर सकते।

प्रियंका गांधी सवाल करते हुए कहती हैं कि फिर ये पद किसके लिए खाली रखे हुए हैं। ये पूछिये मोदी जी से। फिर वह तंज कसते हुए कहती हैं कि अंधभक्‍तों से ही भर लेते तब भी अच्‍छा होता,लेकिन आज तो अंधभक्‍त भी बेचारे बेरोजगार हैं। यह बात प्रियंका गांधी जनता से सीधे बात करते हुए कह रही थीं। फिर वह जनता से ही सवाल करती हैं कि पहला सबसे बड़ा मुद्दा तो बेरोजगारी है। अब दूसरा सबसे बड़ा राष्‍ट्रीय मुद्दा कौन सा है। इस पर जनता के बीच से आवाज आती है कि महंगाई। प्रियंका गांधी इस पर महंगाई से सबसे प्रभावित महिलाओें से बात करती हैं। वह कहती हैं कि मेरी बहनें खड़ी हैं इनसे पूछिये कि दुकान जाती हैं तो सारा सामान लेकर आती हैं या खाली हाथ आ जाती हैं।

फिर वह केंद्र सरकार पर हमला करते हुए जनता से ही पूछती हैं कि मोदी जी के मुंह से पिछले 3 महीने में जब से प्रचार शुरू हुआ है आपने महंगाई शब्‍द सुना है। मोदी जी कहते हैं हमने महिलाओं का सशक्तिकरण कर दिया। हमने महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दे दिया, लेकिन महंगाई की बात कभी नहीं करते। फिर प्रियंका गांधी लोगों से पूछती हैं कि जब गैस सिलेंडर चार सौ रुपये में था तो सड़क पर कौन आया था। जवाब भी खुद ही देते हुए कहती हैं कि मोदी जी की मंत्री। वह कहती हैं कि पूरी बीजेपी सड़क पर आई थी। सिलेंडर पर बैठकर मीडिया से बातें की थीं। आज सिलेंडर 1200 रुपये का है और मोदी जी की बोलती बंद है। उनके मुंह से एक लफ्ज नहीं निकल रहा है।

प्रियंका ने कहा कि, आज किसान 1 लाख या 50 हजार रुपये के लिए आत्महत्या कर रहा है। क्योंकि वह कर्जे में डूब जाता है और उसका कर्जा माफ नहीं किया जाता। लेकिन वहीं पीएम मोदी अरबपतियों का कर्जा माफ कर देते हैं। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी ने 22 अरबपतियों का 16 लाख करोड़ कर्जा माफ किया है लेकिन उनसे किसानों का कर्ज माफ नहीं किया जाता। प्रियंका ने कहा कि, पीएम मोदी किसानों की समस्या पर मुंह बंद कर लेते हैं। वह कभी खेतों में नहीं जाते। वे किसानों का कष्ट नहीं जानना चाहते।

प्रियंका ने कहा कि, पीएम मोदी कभी किसी गरीब के घर नहीं जाते, किसी मजदूर से यह नहीं पूछते कि तुम्हें दिहाड़ी कितनी मिलती है। पीएम मोदी को ये नहीं पता कि जब किसी मजदूर को दो-तीन दिनों दिहाड़ी नहीं मिलती है तो वह भूखा सोता है। प्रियंका ने कहा कि, पीएम मोदी ने लोगों का तो विकास नहीं किया लेकिन उनके कार्यकाल में आज बीजेपी दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles