विधानसभा उपचुनाव के नतीजे: ‘इंडिया’ गठबंधन 13 में से 11 सीटों पर आगे

विधानसभा उपचुनाव के नतीजे: ‘इंडिया’ गठबंधन 13 में से 11 सीटों पर आगे

विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के उम्मीदवारों ने 13 में से 11 सीटों पर बढ़त बनाई है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और बिहार की रूपौली सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा के सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी ने बढ़त बनाए रखी है।

बुधवार को पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु में उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। पंजाब के जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के मोहिंदर भगत ने भाजपा प्रत्याशी शीतल अंगुराल को 37,000 से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की है।

पश्चिम बंगाल की रायगंज, राणाघाट दक्षिण, बगदाह और मानिकतला विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार क्रमशः कृष्णा कल्याणी, मुकुट नामी अधिकारी, मधुपर्णा ठाकुर और सुप्ति पांडे आगे चल रहे हैं। रायगंज में भाजपा दूसरे स्थान पर है और 21,393 मतों से पीछे है। राणाघाट दक्षिण में भाजपा 2,139 मतों, बगदाह में 8,278 मतों और मानिकतला में 3,041 मतों से पीछे है।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की उम्मीदवार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर देहरा सीट पर आगे हैं जबकि हरदीप सिंह बावा नालागढ़ सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा के आशीष शर्मा हमीरपुर में आगे हैं। देहरा में कमलेश ठाकुर भाजपा के होशियार सिंह से 6,115 मतों से आगे हैं। हमीरपुर में कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा भाजपा के आशीष शर्मा से 67 मतों से पीछे हैं और नालागढ़ में कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा भाजपा के के. एल ठाकुर से 3,078 मतों से आगे हैं।

उत्तराखंड में बद्रीनाथ और मंगलौर सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला और काजी निजामुद्दीन दोनों आगे चल रहे हैं। बद्रीनाथ में भाजपा के राजेंद्र भंडारी 1,161 मतों से पीछे हैं, जबकि मंगलौर में बसपा के उबैद-उर रहमान दूसरे स्थान पर और भाजपा के करतार सिंह भड़ाना तीसरे स्थान पर हैं।

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ सीट पर कांग्रेस के धीरन शाह इनवती भाजपा के कमलेश प्रताप शाही से 4,048 मतों से आगे हैं, जबकि बिहार की रूपौली सीट पर जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह से 5,038 मतों से आगे हैं। तमिलनाडु में विक्रवांडी विधानसभा सीट पर द्रमुक के अन्नियुर शिवा पीएमके के अंबुमणि सी. से 10,734 मतों से आगे चल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles