मध्य प्रदेश के डिंडोरी में भीषण सड़क हादसे में 14 की मौत, 21 घायल

मध्य प्रदेश के डिंडोरी में भीषण सड़क हादसे में 14 की मौत, 21 घायल

मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे बड़झर घाट के पास हुई। उन्होंने बताया कि वाहन चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन पलट गया और इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में सवार लोग गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों का शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।

कैबिनेट मंत्री उइके ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और घायलों के समुचित उपचार में किसी तरह की कोई कमी नहीं रखी जाएगी। कलेक्टर डिंडोरी द्वारा सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए रेडक्रॉस से तत्काल राहत राशि प्रदान की गई है। मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपये, घायलों को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है।

डिंडोरी सड़क हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम ने जताया दुःख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश के डिंडोरी में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles