ISCPress

किसानों को लुभाने के लिए कांग्रेस का वादा, 10 दिन में करेंगे कर्ज माफ

किसानों को लुभाने के लिए कांग्रेस का वादा, 10 दिन में करेंगे कर्ज माफ

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कई लोक लुभावने वादे किए हैं।

किसानों को आकर्षित करने के लिए कांग्रेस ने 10 दिन के अंदर अंदर किसानों का पूरा कर्ज माफ करने की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले भाजपा, बसपा और समाजवादी पार्टी के बाद कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है।

कांग्रेस ने उन्नति विधान के नाम से अपना घोषणा पत्र जारी किया। उन्नति विधान नाम से घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि सबसे बड़े मुद्दे बेरोजगारी और महंगाई है और हमने इस समस्या पर बहुत काम किया है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सरकार बनाती है तो 10 दिन के अंदर अंदर किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाएगा तथा धान और गेहूं की खरीद ₹2500 प्रति क्विंटल होगी वहीँ गन्ने का मूल्य भी 400 रूपए प्रति क्विंटल होगा।

प्रियंका गांधी ने कई और वादे करते हुए कहा कि बिजली का बिल आधा कर दिया जाएगा। बकाया माफ किया जाएगा तथा प्रदेश में 20 लाख सरकारी रोजगार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो कोरोना के कारण आर्थिक नुकसान उठाने वाले परिवारों को ₹25000 दिए जाएंगे। प्रदेश के 12 लाख खाली पदों को भरा जाएगा और 8 लाख नए पद बनाए जाएंगे। जिसमें 40 फ़ीसदी महिलाओं को मिलेंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करते हुए 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराएगी। आवारा और छुट्टा पशुओं की समस्याओं का उल्लेख करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश का किसान छुट्टा पशुओं से बहुत परेशान है। हम छत्तीसगढ़ मॉडल पर इसका समाधान करेंगे। जिन किसानों का नुकसान हुआ है उन्हें ₹3000 दिया जाएगा। गोधन योजना शुरू करते हुए दो रुपए किलो गोबर खरीदा जाएगा। छत्तीसगढ़ में अभी यह योजना चल रही है।

उन्होंने कहा कि अगर हम प्रदेश में सरकार बनाते हैं तो छोटे छोटे कारोबारियों को एक फीसदी ब्याज पर क़र्ज़ दिया जाएगा। संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित कर दिया जाएगा तथा श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए प्रस्ताव है कि आउटसोर्सिंग की जाएगी।

कांग्रेस ने समाज के सभी वर्गों को अपने घोषणा पत्र में शामिल करते हुए कहा है कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को वहां की जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। लोगों को सस्ते आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। चौकीदारों का वेतन प्रतिमा ₹5000 किया जाएगा तथा शिक्षामित्रों को भी नियमित किया जाएगा। उर्दू एवं संस्कृत शिक्षकों के खाली पद भरे जाएंगे। एससी और एसटी स्टूडेंट्स को केजी तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी तथा महिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जिले में ही पोस्टिंग दी जाएगी। प्रियंका गांधी ने पत्रकारों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को भी खत्म करने का वादा किया है।

Exit mobile version