ISCPress

रूस मेक इन इंडिया’ के तहत भारत में हथियार बनाने के लिए प्रतिबद्ध

रूस मेक इन इंडिया’ के तहत भारत में हथियार बनाने के लिए प्रतिबद्ध

रूस के दौरे पर गए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को घोषणा की कि रूस ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारत में उन्नत हथियारों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। एस जयशंकर के साथ लंबी चर्चा के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

एस जयशंकर रूस के 5 दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने भारत और रूस के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के सभी देशों के रिश्तों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन रूस और भारत के रिश्ते हमेशा स्थिर। साथ ही उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि रक्षा मोर्चे पर सहयोग काफी भरोसे का नतीजा है। बुधवार को उन्होंने सर्गेई लावरोव से लंबी मुलाकात की।

बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने मिलकर हथियार बनाने की संभावना पर विचार किया है। इसके साथ ही सैन्य और तकनीकी मोर्चे पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि ”इस मोर्चे पर लगातार प्रगति हो रही है।

उन्होंने कहा कि रूस नई दिल्ली के “मेक इन इंडिया” अभियान के तहत सैन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुओं का निर्माण करने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि रूस दुनिया में भारत को हथियारों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। दोनों देशों ने इस सहयोग को और आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जयशंकर ने कहा कि रूस एक रणनीतिक साझेदार है, जिसके साथ अंतरराष्ट्रीय हालात व मौजूदा परिस्थितियों पर बात हुई है। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति, यूक्रेन विवाद, गाजा के हालात, अफगानिस्तान के अलावा शंघाई सहयोग संगठन, ब्रिक्स, जी-20 व संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों के बारे में बात हुई है।

भारत व रूस इन चारों संगठनों के सदस्य हैं। जयशंकर ने आगे कहा, हमारे बीच आर्थिक सहयोग, ऊर्जा कारोबार, सैन्य सहयोग पर भी बात हुई है। दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच 2024-2028 एजेंडे पर हस्ताक्षर हुए हैं। भारत व रूस के विशेष रणनीतिक रिश्ते को बहुत ही ठोस व स्थिर बताते हुए जयशंकर ने कहा कि इस साल यह हमारे बीच सातवीं बैठक है।

Exit mobile version