ISCPress

ड्रोन हमलावरों को पाताल में भी नहीं छोड़ेंगे, वहां से भी ढूंढ निकालेंगे: राजनाथ सिंह

ड्रोन हमलावरों को पाताल में भी नहीं छोड़ेंगे, वहां से भी ढूंढ निकालेंगे: राजनाथ सिंह

देश का नया जंगी जहाज आईएनएस इम्फाल आज (मंगलवार) भारतीय नौसेना में शामिल हुआ। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मणिपुर के मुख्यमंत्री आर बिरेन सिंह मौजूद थे। मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड में कमीशनिंग का कार्यक्रम हुआ। Imphal पहला युद्धपोत है। इसे पश्चिमी नौसेना कमान को दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री ने कहा कि INS Imphal स्वदेश में निर्मित युद्धपोत है। यह भारत की नौसेना की ताकत को बढ़ाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना में आईएनएस इम्फाल का शामिल होने रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को दर्शाता है। इसके निर्माण में सभी हितधारकों की कड़ी मेहनत और समर्पण शामिल है। उन्होंने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि आईएनएस इम्फाल से भारतीय नौसेना मजबूत होगी।’

अरब सागर में टैंकर पर ड्रोन हमले को लेकर युद्धपोत तैनात किए जाने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने मर्चेंट नेवी के जहाजों पर हाल के हमलों को बहुत गंभीरता से लिया है। उन्होंने हमलावरों को चेताया कि उन्हें समुद्र के पाताल से भी ढूंढ निकाला जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रक्षामंत्री स्टील्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस इम्फाल के जलावतरण के मौक़े पर बोल रहे थे।

राजनाथ सिंह का यह बयान उस संदर्भ में आया है जिसमें भारत आ रहे कम से कम दो टैंकरों को ड्रोन से निशाना बनाया गया। एक घटना शनिवार को गुजरात तट के पास हुई। एक विस्फोट हुआ था और जहाज पर आग लग गई थी। कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आग से जहाज को कुछ नुकसान हुआ। चालक दल में 21 भारतीय शामिल थे।

एक घटना लाल सागर में भी हुई थी। भारत आ रहे एक कच्चे तेल के टैंकर पर लाल सागर में ड्रोन से हमला किया गया था। इसको लेकर अमेरिकी रिपोर्ट के बाद भारतीय नौसेना ने हमले की पुष्टि की। भारतीय नौसेना ने कहा कि 25 भारतीयों को लेकर जा रहा एक तेल टैंकर लाल सागर में यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा दागे गए ड्रोन की चपेट में आ गया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि समुद्र में उथल-पुथल बढ़ गई है। देश की बढ़ती आर्थिक और सामरिक शक्ति ने कुछ ताकतों में नफरत भर दी है। उन्होंने कहा कि एमवी केम प्लूटो जहाज पर ड्रोन हमला और लाल सागर में एमवी साई बाबा पर हमला बेहद गंभीर है। भारतीय नौसेना ने समुद्र की निगरानी बढ़ा दी है। जिसने भी यह हमला किया है उसे पाताल से भी खोज निकालेंगे। रक्षामंत्री ने कहा, ‘जिसके पीछे इसका हाथ है उसे सागर की गहराई से निकाल लाएंगे। उन्हें सबक सिखाएंगे।’

बहरहाल, राजनाथ सिंह ने कहा, ‘भारत सरकार ने एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमले और लाल सागर में एमवी साईबाबा पर हमले को गंभीरता से लिया है। हम उन लोगों को समुद्र के पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे जिन्होंने हाल ही में व्यापारी नौसेना के जहाजों पर हमले को अंजाम दिया था और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।’

Exit mobile version