पीएम मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दिन साइप्रस के दो दिवसीय दौरे पर गए थे। इस दौरान साइप्रस में पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इस सम्मान का नाम साइप्रस के पहले राष्ट्रपति आर्चबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया है।
प्रधानमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा कि साइप्रस के ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ सम्मान को प्राप्त करके मैं बहुत खुश हूं। मैं इसे हमारे देशों के बीच की मित्रता को समर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को यह सम्मान समर्पित करते हुए कहा कि यह भारत-साइप्रस की भरोसेमंद दोस्ती का सम्मान है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए साइप्रस को धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने साइप्रस की मीडिया और लोगों को भी संबोधित किया है। पीएम मोदी ने कहा:
कल जब से मैंने साइप्रस की धरती पर कदम रखा है। राष्ट्रपति जी और यहां के लोगों, जो अपनापन और स्नेह दिखाया वो सीधे दिल को छू गया। कुछ देर पहले मुझे साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान से आलंकृत किया गया। यह सम्मान 140 करोड़ देशवासियों को समर्पित है। यह साइप्रस और भारत की मित्रता की मुहर है।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में हमारी सक्रिय साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी। हम मिलकर न केवल अपने दोनों देशों की प्रगति को मजबूत करेंगे बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित विश्व के निर्माण में भी योगदान देंगे।
विदेश मंत्रालय ने एक्स हैंडल पर दी जानकारी
वहीं, विदेश मंत्रालय ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा ‘राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को साइप्रस के ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत-साइप्रस के बीच स्थायी द्विपक्षीय साझेदारी और शांति, प्रगति एवं समृद्धि के साझा दृष्टिकोण के लिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’

