सोमालीलैंड में इज़रायली सैन्य अड्डा स्वीकार नहीं: सोमालियाई राष्ट्रपति
सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहमूद ने इज़रायल की तरफ से सोमालिया में ‘हस्तक्षेप’ की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि, इज़रायल द्वारा अलगाववादी क्षेत्र सोमालीलैंड को मान्यता देने के फैसले ने अस्थिरता बढ़ा दी है।
अरब मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहामूद ने कहा कि सोमालिया कभी भी इस बात की अनुमति नहीं देगा कि सोमालीलैंड में इज़रायली सैन्य अड्डा बनाया जाए और ऐसी किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रस्तावित इज़रायली अड्डा पड़ोसी देशों पर हमलों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहामूद ने इज़रायल की कूटनीतिक रणनीति को गैर जिम्मेदाराना, गलत और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अवैध कदम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि सोमालीलैंड में इज़रायली सैन्य मौजूदगी के खिलाफ पूर्ण प्रतिरोध किया जाएगा। उनका कहना था, “हम अपनी क्षमता के अनुसार लड़ेंगे। स्पष्ट है कि हम अपनी रक्षा करेंगे। इसका मतलब है कि हम किसी भी इज़रायली बल का सामना करेंगे जो यहां आने की कोशिश करेगा, क्योंकि हम इसके खिलाफ हैं और हम इसकी अनुमति कभी नहीं देंगे।”
ये बयान ऐसे समय में सामने आए हैं जब दिसंबर में इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सोमालीलैंड को मान्यता देने के फैसले पर क्षेत्र में कड़ा विरोध हुआ।
सोमालीलैंड सोमालिया का अलगाववादी क्षेत्र है। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक पर स्थित है और अफ्रीका के अलक़रन क्षेत्र में होने के कारण इसकी रणनीतिक महत्वता बहुत अधिक है। इज़रायल का यह कदम इसे दुनिया का पहला देश बनाता है जिसने सोमालीलैंड को स्वतंत्र राज्य के रूप में मान्यता दी।
यह इज़रायली फैसला कुछ महीनों बाद सामने आया था जब समाचार एजेंसी असोसिएटेड प्रेस ने बताया था कि इज़रायली अधिकारियों ने सोमालीलैंड के कुछ अधिकारियों से संपर्क किया था ताकि ग़ाज़ा में जारी इज़रायली युद्ध के दौरान फिलिस्तीनियों को जबरन निष्कासित करने के लिए इस क्षेत्र के उपयोग पर चर्चा की जा सके।
हालांकि इज़रायल और सोमालीलैंड दोनों ने इन आरोपों को खारिज किया है, लेकिन जनवरी में सोमालीलैंड के विदेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय के एक अधिकारी ने इज़रायल के चैनल 12 को बताया था कि इज़रायली सैन्य अड्डे की स्थापना ‘विचाराधीन है और इस पर चर्चा हो रही है’।

