Site icon ISCPress

हमारी सरकार बनी तो बिहार को स्कॉटलैंड जैसा बनाएंगे: तेजस्वी यादव 

हमारी सरकार बनी तो बिहार को स्कॉटलैंड जैसा बनाएंगे: तेजस्वी यादव 

बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव लगातार चुनावी अभियान में लगे हुए हैं और जनता के बीच पार्टी और गठबंधन का विज़न प्रस्तुत कर रहे हैं। एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि, अगर उनकी सरकार बनती है तो बिहार में विकास की नई बयार बहेगी और राज्य को स्कॉटलैंड जैसा विकसित बनाया जाएगा।

तेजस्वी ने बिहार की मौजूदा सरकार पर सिर्फ जुमलेबाज़ी करने का आरोप लगाया और बीते 11 वर्षों में बिहार के विकास में रुकावट के लिए केंद्र सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान 5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियाँ देने और अन्य विकास कार्यों का भी ज़िक्र किया।

इस दौरान तेजस्वी ने दावा किया कि, वे मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं और इसे लेकर INDIA गठबंधन में सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा, “बिहार में हमारी सरकार बनने जा रही है। सरकार बनी तो हम बिहार को स्कॉटलैंड बना देंगे। भाजपा नेता केवल झूठ फैलाने में लगे हैं। ये लोग ‘नमाज़वाद’ और ‘मौलाना स्क्रिप्ट’ जैसे मुद्दे उठाते हैं। हम बिहार में जाति और धर्म की राजनीति नहीं होने देंगे।”

सुधांशु त्रिवेदी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे अपनी योग्यता से नेता नहीं बने हैं। वहीं अपने भाई तेज प्रताप यादव को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि तेज प्रताप ने जो किया वह उन्हें पसंद नहीं आया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर तेजस्वी यादव से पहले कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी बयान दे चुके हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि अगर महागठबंधन को बहुमत मिलता है, तो मुख्यमंत्री आरजेडी से ही होगा। इसमें कोई भ्रम नहीं कि, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे, क्योंकि जिसके पास ज़्यादा विधायक होंगे, उसी पार्टी से मुख्यमंत्री बनेगा, और आरजेडी महागठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है।

Exit mobile version