Site icon ISCPress

सहारनपुर जिले की सभी सीटों पर बदले समीकरण, नतीजे होंगे चौंकाने वाले

सहारनपुर जिले की सभी सीटों पर बदले समीकरण, नतीजे होंगे चौंकाने वाले सोमवार को सहारनपुर जिले की सात विधानसभा सीटों पर हुए मतदान के बाद एसा माना जा रहा है कि इस बार के नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं। इस बार के चुनाव में जहां सात में से चार सीटों पर गठबंधन और भाजपा प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है, वहीं तीन सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष नजर आया। मुस्लिमों मे सपा और रालोद गठबंधन के प्रति रुझान दिखाई दिए जाने से मतदान के बाद गठबंधन के सभी नेताओं के चेहरो पर खुशी साफ दिखाई दे रही है।

पिछले चुनाव में मोदी लहर में भाजपा ने जिले की सात सीटों में से चार सीटों पर जिन में रामपुर, मनिहारान, देवबंद, गंगोह और नकुड़ शामिल हैं जीत हासिल कर भगवा फहराया था। कांग्रेस और सपा मे गठबंधन होने से कांग्रेस की झोली में बेहट और सहारनपुर देहात की दो सीटे गई थीं, जबकि सपा ने शहर सीट जीती थी। बसपा बिल्कुल खाली हाथ रही थी।

जनपद में सोमवार को दूसरे चरण के लिए हुए मतदान में वोटरों का रुझान प्रत्याशी के बजाए पार्टी के प्रति रहा।अधिकतर सीटों पर मुस्लिमों का रुख सपा-रालोद गठबंधन के प्रति देखा गया। जहां दो मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में थे, वहां मुस्लिम आपस में बंटे नजर आए। सवर्ण और अति पिछड़ों का रुझान भाजपा के प्रति नजर आया। वहीं जाट समाज के वोटर भाजपा और गठबंधन दोनों के साथ खड़े दिखाई दिए। अनुसूचित जाति के वोटरों का रुझान बसपा के प्रति दिखाई दिया। फिर भी देहात सीट और बेहट सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने अनुसूचित जाति के वोटरों में सेंधमारी की है। ठाकुर बिरादरी का रुझान भाजपा की तरफ दिखाई दिया। देवबंद सीट पर सपा और भाजपा दोनों प्रत्याशी राजपूत समाज के होने के कारण यहां पर इनके वोटरों में बटवारा नजर आया। गुर्जर समाज के वोटरों में भी प्रत्याशियों ने सीट के हिसाब से सेंधमारी की है।

जिले की सात विधानसभा सीटों से चार पर भाजपा और गठबंधन प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला नजर आ रहा है। बेहट में भाजपा के नरेश सैनी, सपा के उमर अली के बीच, शहर सीट पर सपा के संजय गर्ग, भाजपा के राजीव गुंबर, देहात सीट पर सपा के आशु मलिक व भाजपा के जगपाल सिंह, देवबंद में भाजपा के बृजेश सिंह, सपा के कार्तिकेय राणा के बीच कड़ा मुकाबला नजर आया। बाकी तीन सीटों रामपुर मनिहारान में बसपा के रविंद्र मोल्हू, गठबंधन से रालोद के विवेककांत व भाजपा के देवेंद्र निम के बीच त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है।

वहीं नकुड़ सीट पर भाजपा के मुकेश चौधरी, सपा के डॉ. धर्म सिंह सैनी व बसपा के साहिल खान और गंगोह सीट पर सपा के इंद्रसेन, भाजपा के किरत सिंह व बसपा के नोमान मसूद के बीच भीषण संघर्ष दिखाई दिया।

Exit mobile version