ISCPress

‘इंडिया गठबंधन’ के सत्ता में आने पर, सीएए निरस्त कर दिया जाएगा: चिदंबरम

‘इंडिया गठबंधन’ के सत्ता में आने पर, सीएए निरस्त कर दिया जाएगा: चिदंबरम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने रविवार को भाजपा नीत एनडीए सरकार पर निशाना साधा। पी. चिदंबरम ने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की और अगर उनकी सरकार सत्ता में आई तो वो नागरिकता संशोधन अधिनियम सीएए को रद्द कर देंगे। इंडिया ब्लॉक के सत्ता में आने पर संसद के पहले सत्र में सीएए को रद्द कर दिया जाएगा।

समाचार एजेंसी पीटीआई से रविवार (21 अप्रैल) को बात करते हुए चिदंबरम ने न सिर्फ सीएए को रद्द करने की घोषणा की, बल्कि उन्होंने ये भी दावा किया कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को तमिलनाडु और पुडुचेरी की सभी 40 सीटों पर जीत मिलने वाली है। पी चिदंबरम ने भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि भगवा पार्टी अब एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि एक पंथ बन गई है जो प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की पूजा करती है।

मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए, चिदंबरम ने आगे कहा कि मोदी शासन के दस वर्षों के दौरान भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गंभीर क्षति हो रही है। उन्होंने लोगों से “लोकतंत्र को बहाल करने” का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘यदि मोदी तीसरी बार सत्ता में आते हैं, तो वह संविधान में संशोधन कर सकते हैं…. हमें लोकतंत्र को बहाल करना होगा।’’ उन्होंने कहा कि देश के सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगारी है।

चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में नौकरियां और धन पैदा करने की बात की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ ‘इंडिया’ गठबंधन के सत्ता में आने पर संसद के पहले सत्र में सीएए को निरस्त कर दिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी ने 14 दिन में घोषणापत्र तैयार किया, जिसका शीर्षक घोषणापत्र नहीं है। उन्होंने इसे मोदी की गारंटी कहा। बीजेपी अब कोई राजनीतिक दल नहीं है। यह एक पंथ बन गई है और यह पंथ नरेन्द्र मोदी की पूजा करता है।’’ चिदंबरम ने दावा किया कि ‘मोदी की गारंटी’ उन देशों की याद दिलाती है जहां पंथ पूजा होती है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में पंथ पूजा को ताकत मिलनी शुरू हो गई है और इससे तानाशाही को बढ़ावा मिलेगा।’’

Exit mobile version