ISCPress

2024 का चुनाव संविधान बचाने और भाईचारा बनाने का चुनाव है: अखिलेश

2024 का चुनाव संविधान बचाने और भाईचारा बनाने का चुनाव है: अखिलेश 

राहुल गांधी “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” लेकर आज प्रतापगढ़ के रास्ते अमेठी की सीमा में प्रवेश करेंगे। यहां वह पद यात्रा करेंगे और फिर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब कांग्रेस के साथ सीटों का बटवारा हो जाएगा तो समाजवादी पार्टी उनकी यात्रा में शामिल हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि 2024 का चुनाव संविधान बचाने का है। यह भाईचारे बनाने का चुनाव है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग पर बात बन सकती है। सूत्रों के मुताबिक दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर फॉर्मूला बन सकता है। इस बीच अखिलेश यादव मंगलवार (20 फरवरी) को रायबरेली में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय की यात्रा में शामिल हो सकते हैं।

अखिलेश यादव के यात्रा में शामिल होने को लेकर कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि वह कल यात्रा में शामिल होंगे। इससे पहले अपना दल की नेता पल्लवी पटेल भी यात्रा में शामिल हुईं थीं। सपा ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस में सीट सहमति के बाद ही अखिलेश राहुल की यात्रा में शामिल होंगे। सपा ने अपना प्रस्ताव कांग्रेस को सौंप दिया और अब उसे कांग्रेस के जवाब का इंतेजार है।

इससे पहले अखिलेश यादव ने यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा था कि वह अमेठी या रायबरेली में यात्रा में भाग लेंगे। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत आगे न बढ़ने के कारण ऐसी खबरें आई हैं कि सपा प्रमुख यात्रा से दूर रहेंगे।

बता दें कि, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों का बंटवारा 27 जनवरी से अटका पड़ा है। अखिलेश यादव ने कांग्रेस को 11 सीटें देने का ऐलान किया था। हालांकि, कांग्रेस 20 से 22 सीटों की मांग कर रही है। इसके बाद दोनों दलों के बीच सीट-बंटवारे में कोई और प्रगति नहीं हुई है। हालांकि, दोनों पार्टियां लगातार कहती रहीं कि बातचीत जारी है।

Exit mobile version