इज़रायल-लेबनान वार्ता के नतीजों को हम अस्वीकार करते हैं: हिज़्बुल्लाह
लेबनान की संसद में “वफ़ादारी टू रेज़िस्टेंस” गुट के एक सदस्य ने अपने देश की सरकार द्वारा इज़रायली शासन के साथ प्रत्यक्ष वार्ता की कोशिशों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “हम इस मसले को पूरी तरह अस्वीकार करते हैं, इसके परिणामों का डटकर मुकाबला करेंगे और किसी भी सूरत में इसके नतीजों को लागू नहीं होने देंगे।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लेबनानी सरकार इज़रायली आक्रामकता में भागीदार है। दक्षिणी बैरूत के दाहिया क्षेत्र पर हालिया हमला भी अमेरिकी सरकार के समन्वय से किया गया।
हिज़्बुल्लाह को निरस्त्र करना हमारी ज़िम्मेदारी नहीं: इज़रायली सेना
इज़रायली सेना प्रमुख एयाल ज़ामीर ने आज रविवार को कहा कि लेबनान में इज़रायली सेना के अभियानों के दायरे में “हिज़्बुल्लाह को निरस्त्र करना” उसकी निर्धारित ज़िम्मेदारी नहीं है।
हालांकि इज़रायली अधिकारी लगातार हिज़्बुल्लाह के खात्मे की बात करते रहे हैं, लेकिन ज़ामीर के अनुसार सेना की ज़िम्मेदारियों में केवल मिसाइल ख़तरे और घुसपैठ की कार्रवाइयों को रोकना, तथा लेबनानी सरकार के माध्यम से हिज़्बुल्लाह को निरस्त्र करने के लिए परिस्थितियाँ तैयार करना शामिल है। इस ज़ायोनी जनरल ने यह स्वीकार भी किया कि युद्ध-विराम की घोषणा के बावजूद उत्तरी मोर्चे पर सैन्य गतिविधियाँ अब भी जारी हैं।
हिज़्बुल्लाह के ड्रोन हमले ने आयरन डोम की साख को गहरा झटका दिया: मारीव
ज़ायोनी अख़बार मारीव ने आज रविवार को स्वीकार किया कि हाल ही में हिज़्बुल्लाह के ड्रोन हमले, जिसमें आयरन डोम मिसाइल रक्षा प्रणाली के प्लेटफ़ॉर्म को निशाना बनाया गया, ने इस प्रणाली की विश्वसनीयता को गंभीर आघात पहुँचाया है।
मारीव ने लिखा कि आयरन डोम इस ड्रोन को पहले से पहचानने और उसे रोकने में विफल रहा, और यह तथ्य कि इस हमले से रक्षा प्रणाली की बैटरी को गंभीर क्षति पहुँची, हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर पड़े प्रभाव की गंभीरता को और बढ़ा देता है।

