Site icon ISCPress

दक्षिणी बंदर अब्बास के आसमान में अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन मार गिराया गया: ईरानी सेना

दक्षिणी बंदर अब्बास के आसमान में अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन मार गिराया गया: ईरानी सेना

ईरानी सेना की वायु रक्षा प्रणालियों ने देश के दक्षिण में स्थित बंदर अब्बास शहर के आसमान में एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया। ईरानी सेना ने रविवार को घोषणा की कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने अमेरिकी आक्रामक कार्रवाई से जुड़े ‘लुकास’ मॉडल के एक ड्रोन को देश के दक्षिणी हवाई क्षेत्र में मार गिराया है।

ईरान की समाचार एजेंसी ‘तस्नीम’ के अनुसार, सेना ने पुष्टि की कि इस ड्रोन को देश के दक्षिण में स्थित तटीय शहर बंदर अब्बास के आसमान में मार गिराया गया।

अमेरिकी ड्रोन को मार गिराए जाने की यह घटना क्षेत्र के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच हुई है। इससे पहले, शनिवार को ईरानी सेना की नौसेना ने घोषणा की थी कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में एक नियमों का उल्लंघन करने वाले तेल टैंकर में आग लग गई थी।

ईरानी नौसेना ने बताया कि संबंधित तेल टैंकर ने अपने ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर दिए थे और होर्मुज़ जलडमरूमध्य के प्रतिबंधित क्षेत्र से गुज़रने की कोशिश की थी। नौसेना के अनुसार, टैंकर ने ईरानी नौसैनिक बलों की ओर से दी गई सीधी और पहले से जारी चेतावनियों को भी नज़रअंदाज़ किया था।

इस बीच, शनिवार को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहिब्बी ने ज़ोर देकर कहा कि, दुश्मन की ओर से की गई किसी भी ग़लती का ईरान कई गुना अधिक जवाब देगा, भले ही वह ग़लती कितनी ही छोटी क्यों न हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के ख़िलाफ़ की गई किसी भी कार्रवाई का जवाब पहले से अधिक तीव्रता के साथ दिया जाएगा।

क्षेत्र में ये चेतावनियां ऐसे समय में सामने आई हैं, जब तनाव लगातार बढ़ रहा है। इस बीच, मीडिया में ऐसी खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं कि बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली इस्राईली सरकार और अमेरिकी राष्ट्रपति का प्रशासन ईरान पर एक नया हमला करने की योजना बना रहे हैं।

Exit mobile version