सऊदी सेना ने यमन की राजधानी सना में टायरों के एक गोदाम पर बमबारी की
यमन में नागरिक ठिकानों पर सऊदी सेना के अंधाधुंध हवाई हमलों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज तड़के राजधानी सना में वाहनों के टायरों के एक गोदाम को निशाना बनाकर बमबारी की गई। यमन के अल-मसीरा टीवी चैनल ने शुक्रवार तड़के राजधानी सना पर सऊदी सेना के हवाई हमले की खबर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सना के उत्तरी इलाके में स्थित अल-सौरा क्षेत्र में वाहनों के टायरों के एक गोदाम को निशाना बनाया गया। इस हमले के बाद इलाके में भीषण आग लग गई। यमनी सोशल मीडिया यूजर्स ने भी हमले के बाद बड़े पैमाने पर आग लगने की खबरें साझा की हैं।
बाब-अल-मंदब के आसपास यमनी बलों की स्थिति मज़बूत
एक ओर सऊदी सेना नागरिक ठिकानों पर अंधाधुंध हवाई हमले करने में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर यमनी लड़ाकों ने हाल के दिनों में ताज़ प्रांत में बाब-अल-मंदब जलडमरूमध्य के आसपास अपनी सैन्य स्थिति को और मज़बूत किया है। रिपोर्ट के अनुसार, यमनी लड़ाकों ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के आसपास के सभी क्षेत्रों पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है।
इसके अलावा, लहज प्रांत में यमन के सशस्त्र बल आगे बढ़ते हुए प्रांत के दक्षिणी छोर पर अदन की खाड़ी तक पहुंच गए हैं।
यमन ने सऊदी अरब के युद्ध अपराधों के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र को पत्र भेजा
इस बीच, यमन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को सऊदी अरब की ओर से जारी हमलों और कथित युद्ध अपराधों के संबंध में कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को आधिकारिक पत्र भेजे। इन पत्रों को संयुक्त राष्ट्र महासचिव, संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त, सुरक्षा परिषद और मानवाधिकार परिषद के सदस्य देशों के अलावा यूरोपीय संघ, अरब लीग, इस्लामी सहयोग संगठन (OIC) और अफ्रीकी संघ को भेजा गया है।
इन पत्रों में कहा गया है कि सऊदी अरब यमन में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचों को लगातार निशाना बना रहा है तथा पूरी दुनिया की आंखों के सामने अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियमों की अनदेखी कर रहा है। यमन के विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान इन हमलों की ओर आकर्षित करते हुए सऊदी अरब की लगातार जारी सैन्य कार्रवाइयों पर गंभीर चिंता जताई है।

