इज़रायल में घायलों की संख्या लगभग 3 हज़ार के क़रीब पहुंची
इज़रायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 28 फ़रवरी से शुरू हुए ईरान-इज़रायल युद्ध के बाद अब तक लगभग 2975 लोग घायल होकर अस्पतालों में भर्ती हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार गुरुवार शाम तक घायलों की संख्या 2745 थी, लेकिन हाल के घंटों में नए मामलों के जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर करीब 3 हज़ार के आसपास पहुँच गई है।
विश्लेषकों का कहना है कि यह आँकड़ा दिखाता है कि, ईरान द्वारा किए जा रहे जवाबी हमलों ने इज़रायल के भीतर भी गंभीर प्रभाव डाला है। 28 फ़रवरी को अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू किए गए थे, जिसके बाद ईरान ने इसे अपनी संप्रभुता पर हमला बताते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की।
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई “आत्मरक्षा” के तहत की जा रही है और क्षेत्र में हो रहे हमलों का जवाब देना उनका अधिकार है।
इन सब के बीच सेंटकॉम ने इराक़ में चार अमेरिकी सैनिकों की मौत की पुष्टि की है।सेंटकॉम ने एक बयान में बताया कि इराक़ में एक KC-135 ईंधन आपूर्ति करने वाला सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार छह लोगों में से चार चालक दल के सदस्यों की मौत की पुष्टि हुई है।
अमेरिकी सेना के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह दावा किया गया है कि विमान का गिरना दुश्मन की गोलीबारी या मित्र सेना की गोलीबारी के कारण नहीं हुआ, बल्कि किसी तकनीकी या अन्य कारण की जांच की जा रही है। हालांकि क्षेत्रीय विश्लेषकों का मानना है कि मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और युद्ध की परिस्थितियों के कारण अमेरिकी सैन्य गतिविधियाँ भी लगातार जोखिम में हैं।

