लेबनान सरकार, सीरिया के हालात से सबक़ ले और राष्ट्रीय संप्रभुता की ओर लौटे: हिज़्बुल्लाह
बालबक-हर्मेल संसदीय क्षेत्र के प्रमुख और लेबनान की संसद में प्रतिरोध के प्रति निष्ठा वाले गुट हिज़्बुल्लाह के सदस्य हुसैन अल-हाज हसन ने देश और क्षेत्र में हालिया घटनाक्रमों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि, महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं और लेबनान एक बड़े टकराव से गुजर रहा है।
हुसैन अल-हाज हसन ने एक स्मृति सभा के दौरान कहा:
“जो लोग विदेशी समर्थन पर निर्भर हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि, आज लेबनान में जो लोग विदेशी शक्तियों पर भरोसा कर रहे हैं, वे वास्तव में इस्राईली लोगों की सेवा कर रहे हैं। यही वे इस्राईली हैं, जो अमेरिका के समर्थन से हर दिन हमारे देश के ख़िलाफ़ आक्रमण कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा:
“इसके विपरीत, ईरान लेबनान के अधिकारियों से कह रहा है कि वे क्षेत्रीय समर्थन और अमेरिका के साथ किसी भी संभावित समझौते का लाभ उठाएं, जिसके पहले बिंदु में इस्राईली दुश्मन की लेबनान से वापसी और युद्ध-विराम शामिल हो। आज हमारी लड़ाई अमेरिका के वर्चस्व तथा क्षेत्र में इस्राईली शासन की महत्वाकांक्षाओं और क़ब्ज़े का मुक़ाबला करने पर केंद्रित है।”
इस हिज़्बुल्लाह नेता ने आगे सीरिया की स्थिति तथा सीरियाई क्षेत्र में इस्राईल के बढ़ते हमलों और क़ब्ज़े का उल्लेख करते हुए कहा:
“ऐसे समय में जब सीरिया की अंतरिम सरकार ने इस्राईली शासन के साथ शांति समझौते के लिए अपनी इच्छा व्यक्त की है, हम देखते हैं कि इस्राईली अधिकारियों, जिनमें इस्राईल कात्ज़ जैसे रक्षा मंत्री भी शामिल हैं, खुले तौर पर कह रहे हैं कि, इस्राईली गोलान की पहाड़ियों, हर्मोन पर्वत या सुरक्षा क्षेत्र से कभी पीछे नहीं हटेगा।”
लेबनानी सांसद ने कहा:
“इसलिए हमारा सवाल उन लोगों से है जो लेबनान में इस बात की मांग कर रहे हैं कि इस्राईली शासन के इस अहंकार और उसकी महत्वाकांक्षाओं का सामना करने के लिए देश की शक्ति के साधनों को छोड़ दिया जाए और जो अमेरिका पर भरोसा कर रहे हैं। उन लोगों के पास इसका क्या जवाब है, जो तथाकथित ‘फ्रेमवर्क समझौते’ के माध्यम से भी किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सके?”
हुसैन अल-हाज हसन ने आगे कहा:
“इसके अलावा, हर कोई जानता है कि, अमेरिका और इस्राईली शासन किसी की परवाह नहीं करते और केवल अपने हितों के बारे में सोचते हैं। इसलिए अमेरिका पर निर्भर रहना एक बड़ी और ख़तरनाक ग़लती है। हम लेबनान के सभी पक्षों से वास्तविक अर्थों में संप्रभुता, राष्ट्रीय एकता और लेबनानियों के बीच मेल-मिलाप की अवधारणा की ओर लौटने का आह्वान करते हैं तथा उनसे अमेरिका पर बिना किसी परिणाम या स्पष्ट संभावना के भरोसा करना छोड़ने को कहते हैं।”
उन्होंने ज़ोर देकर कहा:
“हम सरकार और अधिकारियों से पूछते हैं कि अब तक विस्थापित लोगों की वापसी को आसान बनाने, तबाही का पुनर्निर्माण करने, घरों की मरम्मत करने और दक्षिणी लेबनान के निवासियों तथा युद्ध से प्रभावित सभी लोगों के लिए आश्रय उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने क्या किया है? उन्होंने शहीदों के परिवारों, घायलों और बंदियों के लिए क्या किया है?”
हिज़्बुल्लाह के इस सांसद ने कहा:
“जो लोग लेबनान की जनता की सेवा करने का दावा करते हैं, उन्हें प्रतिरोध तथा शहीदों, घायलों, बंदियों और लेबनान के खिलाफ ज़ायोनी शासन के हमलों और युद्धों से प्रभावित लोगों के परिवारों का समर्थन करना चाहिए।”

