Site icon ISCPress

इराक़ में अमेरिकी ठिकानों की जानकारी देने पर इनाम की घोषणा

इराक़ में अमेरिकी ठिकानों की जानकारी देने पर इनाम की घोषणा

इराक़ की इस्लामी प्रतिरोध से जुड़े समूहों ने शुक्रवार को एक बयान जारी करके देश के नागरिकों से अपील की है कि वे अमेरिकी सेना और उससे जुड़े खुफिया तत्वों के ठिकानों के बारे में जानकारी दें। इस अपील के साथ उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो व्यक्ति ऐसी सटीक और विश्वसनीय जानकारी देगा, जिससे अमेरिकी सेना के सदस्यों या उनके वरिष्ठ खुफिया अधिकारियों की गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 50 मिलियन इराकी दीनार (लगभग कई हजार अमेरिकी डॉलर के बराबर) का इनाम दिया जाएगा।

प्रतिरोध समूहों का कहना है कि हाल के समय में इराक़ के अंदर अमेरिकी सैन्य और खुफिया गतिविधियों पर दबाव बढ़ गया है। उनके अनुसार इसी कारण अमेरिकी सैनिकों और एजेंसियों से जुड़े लोग अब अपने पारंपरिक सैन्य ठिकानों के बजाय गैर-सैन्य या नागरिक केंद्रों में छिपकर रहने के लिए मजबूर हो गए हैं।

घोषणा में यह भी कहा गया है कि जो लोग जानकारी देंगे, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रतिरोध संगठनों ने भरोसा दिलाया है कि, किसी भी सूचना देने वाले का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की घोषणाएँ इराक़ में मौजूद विदेशी सैन्य बलों को लेकर चल रहे राजनीतिक और सुरक्षा तनाव को भी दर्शाती हैं। इराक़ में लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों और सशस्त्र समूहों के बीच इस बात को लेकर मतभेद रहे हैं कि विदेशी सैन्य बलों की मौजूदगी कितनी और कब तक रहनी चाहिए।

Exit mobile version