कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब में धमाकों की ख़बरें
कुवैत, बहरीन और सऊदी अरब से आई ताज़ा रिपोर्टों ने पूरे क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है। विभिन्न मीडिया स्रोतों, खासकर इराक़ी outlet “साबरीन न्यूज़”, के अनुसार मंगलवार तड़के खाड़ी क्षेत्र के कई हिस्सों में धमाकों और हमलों की खबरें सामने आई हैं।
कुवैत में अमेरिकी ठिकानों के पास धमाके
रिपोर्ट के मुताबिक, कुवैत के उन इलाकों में जहां अमेरिकी सैन्य बल तैनात हैं, देर रात और तड़के कई धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि, ये धमाके सैन्य ठिकानों के आसपास हुए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान या हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बहरीन में सायरन और हमले की ख़बर
बहरीन से भी इसी तरह की खबरें सामने आई हैं, जहां सायरन बजने और जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं। “साबरीन न्यूज़” के अनुसार, बहरीन में अमेरिकी सैनिकों के ठिकानों को ईरानी मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया गया।
यह दावा अगर सही साबित होता है, तो यह क्षेत्रीय संघर्ष के और ज्यादा फैलने का संकेत हो सकता है। हालांकि इस हमले की भी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से और रियाद में धमाके
इसी बीच कुछ अरब मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में अमेरिकी हितों पर ड्रोन हमला किया गया। इसके साथ ही राजधानी रियाद में भी धमाकों की आवाज़ें सुनाई देने की बात कही जा रही है।
इन घटनाओं के बाद सऊदी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और संभावित खतरों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

